पूर्व विधायक संगीत सोम के फार्म हाउस पर 'परिवार संग' 8 फुट का अजगर सामने आते ही किसानों के उड़े होश...
मेरठ के कुसावली गांव में पूर्व विधायक संगीत सोम के फार्महाउस के खेत में एक आठ फुट लंबा अजगर और उसके दो बच्चे मिले। इससे किसानों में खलबली मच गई।

HighLights
कुसावली गांव में अजगर दिखाई देने से मचा हड़कंप।
वन विभाग की टीम ने अजगरों को जंगल में छोड़ा।
संवाद सूत्र, सरधना (मेरठ)। कुसावली गांव के निकट पूर्व विधायक संगीत सोम के फार्म हाउस के खेतों में बुधवार शाम जगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने अजगर को देखकर शोर मचा दिया। जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर और उसके दो बच्चों को रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद टीम ने तीनों को गंगनहर के किनारे घने जंगल में छोड़ दिया।
कुसावली गांव के निकट ज्वालागढ़ मार्ग पर पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम का फार्म हाउस है। बुधवार शाम कुछ किसान फार्म हाउस परिसर में स्थित खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें घनी घास में विशाल अजगर दिखाई दिया।
अजगर को देखकर किसान घबरा गए और उन्होंने शोर मचा दिया। जिसके बाद मौके पर अजगर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बड़े अजगर को पकड़ लिया। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई तो अजगर के दो बच्चे भी मिल गए। टीम ने उन्हें भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
वन रेंजर परविंदर यादव और कार्यवाहक रेंजर सौरभ अवस्थी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर टीम अजगर का रेस्क्यू करने पहुंची थी। मौके से एक लगभग आठ फुट के बड़े अजगर और उसके दो बच्चों को रेस्कयू किया गया था। बाद में तीनों को गंगनहर किनारे घने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया था।