विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने से बागपत ADM समेत 71 लोगों की हालत बिगड़ी, दो दुकानों के लाइसेंस रद

Published: Sat, 21 Mar 2026 04:53 AM (IST)

नवरात्र के पहले दिन कुट्टू का आटा खाने से बागपत के एडीएम समेत आसपास के जिलों में 71 लोग बीमार ...और पढ़ें

बागपत के अस्पताल में भर्ती एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण। जागरण

बागपत के अस्पताल में भर्ती एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण। जागरण

HighLights

  1. नवरात्र के पहले दिन कुट्टू का आटा खाने से लोग बीमार।

  2. बागपत एडीएम सहित 71 लोगों की हालत बिगड़ी, अब सुरक्षित।

  3. खाद्य विभाग ने जांच शुरू की, दुकानों पर छापेमारी जारी।

जागरण टीम, मेरठ। नवरात्र के पहले दिन गुरुवार रात कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने से बागपत के एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण समेत आसपास के जिलों में 71 लोगों की हालत बिगड़ गई। बीमार लोगों को जिला अस्पताल एवं निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत में सुधार है और खतरे से बाहर हैं।

शुक्रवार को संबंधित जिलों में खाद्य विभाग एवं प्रशासन ने कुट्टू के आटे के भंडारण को लेकर बाजारों में जांच-पड़ताल की। बागपत में लाइसेंस निरस्त कर दो दुकानों को बंद करा दिया गया है।बागपत में पहले नवरात्र के उपवास में रात को कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने से एडीएम (न्यायिक) शिव नारायण व उनके फालोअर सतीश कश्यप समेत विभिन्न स्थानों पर 10 लोग बीमार हो गए।

इनमें जिला संयुक्त चिकित्सालय के सिक्योरिटी गार्ड नरेशपाल, एक ही परिवार के छह सदस्य और अमित कुमार शामिल हैं। एडीएम समेत नौ मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुलंदशहर में भी विभिन्न क्षेत्रों के काफी संख्या में लोग बीमार हुए। फूड प्वाइजनिंग की शिकायत के चलते बीमार लोग गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक जिला अस्पताल पहुंचे।

यह भी पढ़ें- 'मुझसे शादी नहीं की तो तुझे काटकर नीले ड्रम में भर दूंगी...' युवती ने युवक को दी धमकी

जहां 39 लोगों में से 20 को भर्ती किया गया। अन्य को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। शामली में भी कुट्टू का आटा खाने से 12 लोगों की हालत बिगड़ गई। उन्हें विभिन्न अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिजनौर में भी कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने से 10 लोगों को उल्टी शुरू हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, सबकी हालत खतरे से बाहर है।

बीमार लोगों की शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी विभिन्न जगह से कुट्टू के आटे के सैंपल लिए हैं। डीएम के आदेश पर छापेमारी की गई और दुकानदारों के यहां मिले कुट्टू के आटे को नष्ट भी कराया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी जारी रहेगी।