संघ की रैली में महानगर से जाएंगी 600 बसें : धनीराम
राम मंदिर आंदोलन को लेकर संघ ने तैयारियों को नई धार दी है। रविवार को मेरठ महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बैठक करते हुए प्रांत प्रचारक धनीराम ने साफ किया कि हर बस्ती, गांव एवं अन्य इकाइयों से बड़ी संख्या में लोग नौ दिसंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। महानगर से छह सौ बसों के संचालन का लक्ष्य रखा गया है।
मेरठ। राम मंदिर आंदोलन को लेकर संघ ने तैयारियों को नई धार दी है। रविवार को मेरठ महानगर के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बैठक करते हुए प्रांत प्रचारक धनीराम ने साफ किया कि हर बस्ती, गांव एवं अन्य इकाइयों से बड़ी संख्या में लोग नौ दिसंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। महानगर से छह सौ बसों के संचालन का लक्ष्य रखा गया है।
माधवकुंज में सुबह सात बजे से आयोजित बैठक में मेरठ महानगर के 32 मंडलों के स्वयंसेवक एवं भाजपा के सभी दस मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री पहुंचे। संघ पदाधिकारियों ने साफ किया कि राम मंदिर से कम पर आंदोलन नहीं रुकेगा। केंद्र सरकार इसके लिए अध्यादेश लाए, जिससे करोड़ों हिन्दुओं की आस्था का सम्मान होगा।
226 बस्तियों तक पहुंचेगा संघ
रविवार को मेरठ विभाग के अंतर्गत मवाना, सरधना और हापुड़ समेत कई अन्य जिलों में मंथन हुआ। संघ ने सभी अनुषांगिक संगठनों को पूरी ताकत से साथ मैदान में उतरने के लिए कहा है। आंदोलन की अगुवाई विश्व हिन्दू परिषद करेगा, जबकि इसमें बजरंग दल समेत 22 सहयोगी संगठन शिरकत करेंगे। गत दिनों माधवकुंज में प्रांत की बैठक हुई थी, जिसमें योगी सरकार के आधा दर्जन मंत्रियों एवं पश्चिमी उप्र के सभी विधायकों ने भाग लिया था। अब संघ कार्यकारिणी से शाखाओं की ओर बढ़ते हुए 226 बस्तियों तक पहुंचेगा।
प्रांत संघचालक जतन स्वरूप और महानगर संघचालक विनोद भारतीय ने कहा कि 1528 से 2018 तक 77 बार हिन्दू समाज मंदिर पाने के लिए संघर्ष कर चुका है। इसी कड़ी में दिल्ली के रामलीला मैदान में नौ दिसंबर को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। मेरठ प्रांत (27 जिले) से दिल्ली के लिए 5571 बसें रवाना होंगी, जहां करीब 3.5 लाख कार्यकर्ता पहुचेंगे। रैली में महानगर से भी 600 बसें जाएंगी। किसी पार्टी का झंडा नहीं होगा। पताकों पर ऊ एवं जय श्रीराम लिखा रहेगा। भारत माता की जय एवं जय श्रीराम का ही नारा लगाया जाएगा।