सफाई के साथ सैनिटाइजेशन और फागिग के काम को अंजाम दे रहे स्वच्छता कर्मी
कोरोना की चेन तोड़ने में नगर निगम के स्वछता कर्मी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
मेरठ,जेएनएन। कोरोना की चेन तोड़ने में नगर निगम के स्वच्छता कर्मी अहम भूमिका निभा रहे हैं। सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक स्वच्छता कर्मियों की टीमें जुटी रहती हैं। नगर निगम अफसर भी अभियान में पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं।
मंगलवार को विशेष अभियान के चौथे दिन नगर निगम ने सफाई, सैनिटाइजेशन और फागिग अभियान तय रोस्टर के अनुसार चलाया। सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक सैनिटाइजेशन, शाम छह बजे से रात नौ बजे तक रोस्टर में जो क्षेत्र रखे गए थे उन्हीं क्षेत्रों में फागिग हुई। सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय ने दिल्ली रोड वाहन डिपो के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। आने वाली समस्त शिकायतों का निस्तारण कराया। दिल्ली वाहन डिपो प्रभारी गजेंद्र सिंह के साथ नई बस्ती लल्लापुरा, परतापुर अच्छरौंदा, शारदा रोड, जवाहर नगर, किशनपुरा में चल रहे सफाई व सैनिटाइजेशन अभियान का निरीक्षण किया। हाट स्पाट, मोहल्लों व प्रमुख बाजारों में अभियान चलाया गया। बुधवार को भी जारी रहेगा।
-28 टैंकरों से चौथे दिन हुआ सैनिटाइजेशन।
-2750 लीटर सोडियम हाइपो क्लोराइट इस्तेमाल।
-1.80 लाख लीटर पानी का छिड़काव में इस्तेमाल।
-62 कुल टीमों ने किया सैनिटाइजेशन।
-39 किलो फागिग दवा का इस्तेमाल चौथे दिन।
-56 मशीनों का हुआ फागिग में उपयोग।
-27 वार्डों में हुई चौथे दिन फागिग।
-56 कुल कंट्रोल रूम व फोन पर आईं शिकायतें।
-49 शिकायतों का निगम ने किया निस्तारण।
-600 टन कूड़ा उठाने का है दावा।
20 मई तक न्यायिक कार्य नहीं करेंगे अधिवक्ता : मवाना बार एसोसिएशन व सिविल बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें कोरोना महामारी को देखते 20 मई तक न्यायिक कार्य नहीं करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। मंगलवार को भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं के चैंबर बंद रहेंगे। बैठक में मवाना बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजीव कंसल, सचिव बिजेंद्र पाल सिंह, सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष हेमंत गुप्ता व सचिव अशोक नागर समेत एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।