बेगमपुल पर एक तरफ रोका ट्रैफिक, दूसरी ओर दौड़े वाहन
रैपिड के काम को लेकर रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने कुछ देर के लिए एक लेन पर दोनों ओर के वाहन चलाए।
मेरठ, जेएनएन। रैपिड के काम को लेकर रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने कुछ देर के लिए एक लेन पर दोनों ओर के वाहन चलाए। हालांकि वाहनों के दबाव के चलते कुछ देर बाद ही फिर से दोनों लेन पर वाहन दौड़ने लगे। वहीं, शनिवार को जली कोठी चौराहे पर भी कुछ देर के लिए वाहनों को एक लेन पर चलाया गया था।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम रैपिड रेल कारीडोर का निर्माण कर रहा है। अलग-अलग एजेंसी निर्माण कार्य में लगी हुई हैं। फुटबाल चौराहा, भैंसाली डिपो के पास और बेगमपुल पर रैपिड के तीन भूमिगत स्टेशन का निर्माण एफकांस कंपनी करेगी। इसके लिए टनल खोदाई का काम जल्द शुरू हो जाएगा। उससे पहले ट्रैफिक पुलिस को यातायात एक लेन में चलाना होगा। उसका रिहर्सल रविवार सुबह कुछ देर के लिए ट्रैफिक पुलिस ने किया। साईं मंदिर की साइड का ट्रैफिक रोक कर लालकुर्ती वाली लेन पर दौड़ाया गया। करीब आधे घंटे में ही यातायात व्यवस्था हांफ गई। तुरंत ही दोनों लेन पर वाहन शुरू कर दिए गए। उधर, शनिवार को कुछ देर के लिए जली कोठी चौराहे पर भी यातायात को एक लेन में चलाया गया था। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ देर के लिए रोजाना एक लेन में दोनों ओर का ट्रैफिक चलाया जाएगा। महाशिवरात्रि के बाद 12 तारीख से पूरी तरह से दोनों ओर का ट्रैफिक एक ही लेन में चलेगा।
नारी शक्ति का हुआ सम्मान: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को वेदिका सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बागपत रोड स्थित ओप्टिमस हेल्थ केयर में किया गया। चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यो के लिए चिकित्सा में विशेष योगदान के लिए डा. रेनू भगत, बुक बैंक द्वारा समाज के वंचित वर्ग को शिक्षित करने के लिए अमिता शर्मा, सामाज सेवा के लिए रीमा शारदा, पर्यावरण संरक्षण के लिए अदिति चंद्रा, वालीबाल चैम्पियन और एशिया की सबसे लंबी महिला स्वेतलाना सैनी के अलावा बैडमिंटन में राष्ट्रीय प्रतिभा बाल पुरस्कार प्राप्त आरुषि शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संस्था के अध्यक्ष डा. केपी सैनी, नीरज बाटला, मनीष शारदा और आदित्य गुप्ता उपस्थित रहे।