सहारनपुर में महिला ने सड़क किनारे दिया बच्चे को जन्म, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
सहारनपुर के गांव से सरसावा स्वास्थ्य केंद्र आ रही गर्भवती को रास्ते में ही प्रसव हो गया। बाद में दोनों को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों ठीक।
सहारनपुर, जेएनएन। गांव से सरसावा स्वास्थ्य केंद्र आ रही गर्भवती को रास्ते में ही प्रसव हो गया। बाद में दोनों को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
गांव इब्राहीमी निवासी उस्मान की पत्नी सादवानी के प्रसव की अवधि लगभग पूरी हो चुकी थी। मंगलवार सुबह सादवानी अपने ससुर तथा बहन रुखसार के साथ बाइक पर सरसावा स्वास्थ्य केंद्र चेकअप के लिए आ रही थी। रेलवे फाटक पार करते ही प्रसव पीड़ा बढ़ गई। बाइक रोककर राहगीर महिलाओं की मदद से प्रसव कराया गया। उन्होंने पुत्र को जन्म दिया। इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र फोन किया गया। स्टाफ ने केंद्र में खड़ी एक प्राइवेट गाड़ी को भिजवाया, जिसमें जच्चा-बच्चा को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।