Ayodhya Ram Mandir: रामनगरी की आभा देख बारम्बार होते रहे मंत्रमुग्ध, अयोध्या से मिट्टी देकर लौटे विहिप महानगर अध्यक्ष
कई पीढिय़ों ने दशकों तक इंतजार भी किया था। कुछ इस अंदाज में अयोध्या के भूमि पूजन समारोह का अनुभव साझा किया विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष शीलकांत ने।
मेरठ,जेएनएन। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भव्य भूमि पूजन समारोह का जो कोई साक्षी बना, वो मुग्ध हो गया। अद्भुत, अविस्मरणीय और अलौकिक...जिसने भी इस भव्य दृश्य को देखा, उसके मुख पर यही शब्द थे। आखिर इस दिन का कई पीढिय़ों ने दशकों तक इंतजार भी किया था। कुछ इस अंदाज में अयोध्या के भूमि पूजन समारोह का अनुभव साझा किया विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष शीलकांत ने। वे कल अयोध्या से मेरठ लौटे हैं।
उन्होंने बताया उनके साथ विहिप के महानगर उपाध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी मेरठ के तीन पवित्र स्थानों की मिट्टी लेकर अयोध्या गए थे, जहां उन्होंने मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम की भव्यता ने उन्हें वहां रुकने पर विवश कर दिया। इसके बाद वे अयोध्या के कारसेवक पुरम में रुके। जहां उन्होंने राममय हुई अयोध्या की फिजा का आनंद लिया।
इस दौरान उन्होंने विहिप के केंद्रीय मंत्री व श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के कार्यालय व्यवस्था प्रमुख अशोक तिवारी को मिट्टी से भरे कलश और जल सौंपा। बाद में ट्रस्ट के महासचिव व विहिप के अंतरर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय से भेंट की। हालांकि वे भूमि पूजन का हिस्सा नहीं बने, लेकिन पांच अगस्त को सजी-संवरी अयोध्या की आभा ने ही उन्हें वशीभूत कर लिया। भूमि पूजन के प्रसाद को उन्होंने अपने मोहल्लेवासी व अन्य लोगों में वितरित किया, जिसे पाकर लोग निहाल हो गए।