Weather Update: तेज और चटक धूप के साथ दिन की शुरुआत, आसमान से बादल नदारद Meerut News
शुक्रवार को सुबह की शुरुआत तेज और चटक धूप के साथ हुई। आसमान से बादल नदारद दिखे। अभी बारिश की भी उम्मीद धूमिल ही नजर आई। तापमान बढ़ने के साथ गर्मी का अहसास हुआ।
मेरठ, जेएनएन। MeerutWeatherForecast शुक्रवार को सुबह की शुरुआत तेज और चटक धूप के साथ हुई। आसमान से बादल नदारद दिखे। अभी बारिश की भी उम्मीद धूमिल ही नजर आई। तापमान बढ़ने के साथ गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि मानसून की आमद हो चुकी है लेकिन बारिश के हालात बनते नजर नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार को भी दिनभर उमस भरा मौसम रहने का अनुमान है। पांच जुलाई से सावन का महीना भी शुरू हो रहा है। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 32 डिग्री बना हुआ है।
आंख मिचौली का खेल
इसके पूर्व मौसम को लेकर अभी आंख मिचौली का खेल जारी रहा। बुधवार की रात को भयंकर गर्मी के बाद गुरुवार की सुबह कुछ खुशनुमा मौसम की आस जगी, और सुबह छह बजे के आसपास बूंदाबांदी ने कुछ समय के लिए मौसम खुशगवार बना दिया था। लेकिन कुछ ही देर आसमान पर निकली धूप ने पुन: उमस भरी गर्मी के हालात बना दिया। लोग पसीना पसीना हो गए। दिन का तापमान करीब 35 डिग्री रहा। बीच बीच में बादल भी आसमान में गश्त करते नजर आए। लेकिन बहराल उमस ने हालत खराब कर रखी है। वैसे, मौसम विभाग के अनुसार अभी बारिश होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।
मानसून का प्रदर्शन सामान्य से कमतर
गौरतलब है कि मौसम विशेषज्ञों ने 29 जून को बारिश का पूर्वानुमान जताया था। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही थी। बताया 15 जुलाई तक मानसून का प्रदर्शन सामान्य से कमतर रहेगा। एक व दो जुलाई को भी बारिश के अनुमान जताया गया था।
मानसून की आमद
बताते चलें कि मानसून औपचारिक रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में पहुंच गया है, पर जोरदार बारिश अभी नहीं हुई है। सोमवार शाम को अचानक तेज आंधी के साथ घटाएं घिर आई थी। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री रहा। वहीं आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 76 और न्यूनतम प्रतिशत 27.4 डिग्री रहा। कृषि विवि के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि मंगलवार को भी बारिश हो सकती है।