किठौर में राशन वितरण को लेकर पथराव और फायरिंग, पांच घायल Meerut News
किठौर के कायस्थ बड्ढा गांव में सोमवार को राशन वितरण के दौरान बवाल हो गया। कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले व पथराव हुआ। दर्जनों राउंड फायरिंग हो गई।
मेरठ, जेएनएन। किठौर के कायस्थ बड्ढा गांव में सोमवार को राशन वितरण के दौरान बवाल हो गया। कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले व पथराव हुआ। देखते ही देखते दर्जनों राउंड फायरिंग हो गई। मारपीट व पथराव में पांच लोग घायल हो गए। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में ले लिया। सीओ ने फायरिंग की पुष्टि की है।
दोनों ओर से जमकर पथराव
कायस्थ बड्ढा में राजू, तैमूर व अफसाना के नाम से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानें हैं। सोमवार शाम लगभग सात बजे राजू की दुकान पर रियाज प्रमुख प्रतिदिन की तरह राशन वितरण कर रहा था। इंस्पेक्टर रोजंत त्यागी ने बताया कि लोगों का आरोप था कि रियाज अपने पक्ष के लोगों को राशन दे रहा था। इसको लेकर सुभान पक्ष व रियाज पक्ष में कहासुनी हो गई। दोनों ओर से जमकर पथराव व फायरिंग हुई।
पुलिस ने दो को पकड़ा
उधर, राजू ने बताया कि कुछ लोगों ने ऑनलाइन शिकायत की, जिसके बाद लोग सोमवार को दुकान पर आए और हमला बोल दिया। इससे उनके पक्ष के अलीम, आरिफ, ताहिर, मुन्नी व रिहान घायल हो गए। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली थी। सीओ किठौर रामानंद कुशवाहा का कहना है कि कायस्थ बड्ढा में राशन वितरण को लेकर पथराव व हवाई फायरिंग हुई है। पांच लोग घायल हुए हैं। दो लोगों को पकड़ लिया है। पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया जाएगा।