Meerut LockDown Day 12: जरुरतमदों का सर्वे करें, फिर तैयार कराएं भोजन Meerut News
कमिश्नर अनीता सी. मेश्रम ने मंडल के सभी डीएम को पत्र भेजकर जल्द से कम्युनिटी किचन शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि जरुरतमंदों का सर्वे करे और उस हिसाब से भोजन बनाएं।
मेरठ, जेएनएन। कमिश्नर अनीता सी. मेश्रम ने मंडल के सभी डीएम और विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्षों को पत्र भेजकर जल्द से जल्द कम्युनिटी किचन शुरू करने का आदेश दिया है। लॉकडाउन के दौरान यह व्यवस्था जरूरतमंदों को फ्री भोजन उपलब्ध कराने के लिए है। उन्होंने कहा है कि सर्वे कराकर जरूरतमंदों की संख्या के साथ ही सामाजिक संगठनों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की जानकारी जुटाई जाए। इसके बाद ही भोजन तैयार कराया जाए। क्षेत्रवार संस्थाओं और सरकारी विभाग की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि सभी को भोजन मिले और भोजन बर्बाद नहीं हो।
प्रदेश सरकार का सख्त आदेश है कि जिला प्रशासन ज्यादा से ज्यादा कम्युनिटी किचन की व्यवस्था करके प्रत्येक जरूरतमंद को फ्री में भोजन उपलब्ध कराए। कमिश्नर ने कहा है कि अभी तक यह जिम्मेदारी समाजसेवी संगठन उठा रहे थे। अब इस कार्य को संगठनों का सहयोग लेते हुए प्रशासनिक अफसर व्यवस्थित तरीके से अंजाम दें। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को उन्होंने कम्युनिटी किचन का नोडल अधिकारी नामित किया है। नोडल अधिकारी अगले दिन की मांग का आकलन करके उसी के मुताबिक भोजन तैयार कराना सुनिश्चित करें। प्रत्येक संस्था को उसके भोजन पैकेट की संख्या के मुताबिक क्षेत्र आवंटित कर देंगे। कम्युनिटी किचन स्थल पर ही सूचनाओं के आदान प्रदान के लिए कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। ये कर्मचारी मांग के अनुरूप संबंधित स्थानों पर भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। तैयार भोजन की गुणवत्ता की जांच खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा।
साप्ताहिक मिलेगा सूखा राशन
कमिश्नर ने आदेश दिया है कि यदि कोई परिवार सूखे राशन की मांग करता है तो उसकी आवश्यक्ता का आकलन करके साप्ताहिक उपलब्ध कराया जाए।
छावनी के अतिथि भवन में शुरू हुई प्रशासन की रसोई
मेरठ, जेएनएन। जिला प्रशासन की कम्युनिटी किचन आखिरकार शनिवार शाम शुरू हो गई। इसे छावनी के अतिथि भवन में शुरू कराया गया है। आज यहां 1500 लोगों के लिए रात का खाना बनाया गया। डीएम और सीडीओ ने इसका निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि आज ही जनपद के सभी 12 ब्लाक मुख्यालयों और तीनों तहसीलों में भी कम्युनिटी किचन शुरू कराई गई हैं। आज सरकारी और सामाजिक सभी स्तरों से कुल 23,106 लोगों को खाना उपलब्ध कराया गया। प्रशासन की किचन से 10 हजार लोगों का खाना तैयार कराने का दावा किया।