सीएम योगी आदित्यनाथ कल आएंगे मेरठ, कोरोना से निपटने के इंतजामों का लेंगे जायजा Meerut News
शहर में 13 कोरोना पॉजिटिव मरीजों के बाद अब पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा इंतजामों को और पुख्ता किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी कल मेरठ आएंगे।
मेरठ, जेएनएन। शहर में 13 कोरोना पॉजिटिव मरीजों के बाद अब पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा इंतजामों को और पुख्ता किया जा रहा है। इन सब के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल मंगलवार को सुबह 10 बजे पुलिस लाइन आएंगे। मंडलायुक्त सभागार में मीटिंग करेंगे, फिर लौट जाएंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर और आसपास के क्षेत्रों में कोरोना से निपटने के लिए किए इंतजामों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान आवश्यक निर्देश भी अफसरों को दिए जाएंगे।
प्रशासन की धड़कनें बढ़ीं
गौरतलब है कि शहर में 13 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद एहतियात बरता जा रहा है। सोमवार को भी स्क्रीनिंग में पांच और मरीजों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन की धड़कनें तेज हो गई। ज्ञात हो कि लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज की माइक्रोबायोलोजी लैब ने रविवार को आठ नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि कर दी। ये सभी महाराष्ट्र के अमरावती से आए मरीज के संपर्क में थे। जिले में कुल मरीजों की संख्या 13 तक पहुंच गई है। मरीज मेडिकल कालेज के कोरोना वार्ड में भर्ती हैं। इन सभी की तबीयत सामान्य है।