व्यापारी प्रतिनिधि मंडल ने लगाया आरोप : एक विधायक के इशारे पर हो रहे हैं फर्जी मुकदमे Meerut News
एसपी सिटी से व्यापारी प्रतिनिधि मडंल ने गुरूवार को मुलाकात की। कहा कि पुलिस दबाव में आकर के व्यापरियों पर फर्जी मुकदमे कर रही। जांच की मांग की।
मेरठ, जेएनएन। गुरुवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल एसपी सिटी से मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में आकर पुलिस व्यापारियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, सतीश चंद जैन, नीरज मित्तल, संजीव कुमार और विजय आनंद गुरुवार को एसपी सिटी से मिले। नवीन गुप्ता ने बताया कि जानी के रमेश की तरफ से गुरुनानक नगर निवासी अजय पर सात लाख ब्याज की रकम बकाया थी, जिस पर टीपीनगर थाने में दो लाख अस्सी हजार में समझौता हो गया था। अजय की तरफ से चेक नवीन गुप्ता को दे दिया था। इसी बीच नौचंदी के रहने वाले वीके गुप्ता ने रमेश से संपर्क कर उसे पूरी रकम दिलाने का भरोसा दिलाया। उसके बाद सदर बाजार में वीके गुप्ता ने अजय के बेटे अभय और साले संजय गोयल के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज करा दिया। सदर पुलिस ने अभय को उठा लिया था। व्यापारियों ने पूरे घटनाक्रम के लिखित तथ्य एसपी सिटी के सामने पेश किए। उसके बाद अभय को थाने से छोड़ा गया। उसके बाद देहलीगेट में बिना अग्रवाल की तरफ से दर्ज कराए फर्जी मुकदमे की जांच कराने की मांग की।
जांच का भरोसा दिलाया
एसपी सीटी ने इनके मांग को जायज मानते हुए स्पष्ट जांच का भरोसा दिलाया। व्यापारियों का कहना है कि बीना अग्रवाल का अशोक के साथ साझा कारोबार था। दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसे ले बीना में देहलीगेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने अशोक के बेटे को हिरासत में ले लिया। बीना ने अशोक के बेटे पर हमले का आरोप लगाया था। पुलिस को व्यापारियों ने बीना की ताला तोड़ते हुए वीडियो पेश की, जिसके बाद अशोक के बेटे को छोड़ दिया। एसपी सिटी ने दोनों मुकदमों में जांच का भरोसा दिलाया।