सुपरटेक पामग्रीन के पास डंप कचरे का उठान शुरू
सुपरटेक पामग्रीन के सामने कचरे का उठान शुरू हो गया। पहले दिन आठ ट्रॉली कचरा लोहिया नगर डंपिंग ग्राउंड पहुंचाया गया। हालांकि पूरी तरह कचरा साफ होने में कम से कम तीन दिन और लगेंगे।
मेरठ, जेएनएन: सुपरटेक पामग्रीन के सामने कचरे का उठान शुरू हो गया। पहले दिन आठ ट्रॉली कचरा लोहिया नगर डंपिंग ग्राउंड पहुंचाया गया। हालांकि पूरी तरह कचरा साफ होने में कम से कम तीन दिन और लगेंगे।
शनिवार को दोपहर 2.30 बजे दिल्ली रोड डिपो प्रभारी गजेंद्र सिंह एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर ट्रॉलियों के साथ सुपरटेक पामग्रीन के सामने कचरा हटवाने पहुंचे। बिजली बंबा बाईपास किनारे डंप कचरे को उठाने का क ाम शुरू कराया। पहले दिन शाम पांच बजे सफाई कराई गई। इस दौरान ट्रैक्टर ट्रालियों में कचरा भरकर लोहियानगर डंपिंग ग्राउंड भेजा गया। अभी यहां पर कम से कम 20 ट्रॉली कचरा और डंप है। डिपो प्रभारी ने कहा कि इस स्थान को कचरा मुक्त करने में कम से कम तीन दिन और लगेंगे।
कचरा डालने वालों पर रहेगी नजर
अब बिजली बंबा बाईपास किनारे कचरा डालने वालों से नगर निगम सख्ती से पेश आएगा। प्रवर्तन दल और संपत्ति विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। कचरा कौन डाल रहा है। आसपास के दुकानदारों और लोगों से पूछताछ की। प्रवर्तन दल प्रभारी रिटायर्ड कर्नल राजकुमार बालियान ने कहा कि प्राईवेट सफाई कर्मी यहां कचरा डालते हैं। इन प्राईवेट सफाई कर्मियों पर प्रवर्तन दल नजर रखेगा। पकड़े जाने पर जुर्माना वसूला जाएगा। अगर कचरा बल्क जनरेटर के यहां से आ रहा होगा तो जुर्माना उनसे भी वसूला जाएगा।
निगमकर्मी कचरा डालेंगे तो होंगे बर्खास्त
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने दिल्ली रोड डिपो के सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि अगर नगर निगम के वाहन से या कर्मचारी की मिली भगत से बिजली बंबा बाईपास पर कचरा डाला गया। यह जानकारी सही पायी गई तो उस कर्मचारी की सेवा समाप्त की जाएंगी।