सिंचाई संघ कार्यालय में आग लगाई, पट्टी पर पोती कालिख
सिंचाई संघ के दो गुटों का विवाद अब आगजनी पर उतर आया है। रविवार रात अज्ञात लोगों ने मेरठ खंड गंगानहर कैनाल स्थित राजकीय भवन में सिंचाई संघ के कार्यालय में आग लगा दी।
मेरठ, जेएनएन। सिंचाई संघ के दो गुटों का विवाद अब आगजनी पर उतर आया है। रविवार रात अज्ञात लोगों ने मेरठ खंड गंगानहर कैनाल स्थित राजकीय भवन में सिंचाई संघ के कार्यालय में आग लगा दी। कार्यालय के गेट पर लगे अध्यक्ष व मंत्री के नाम पर कालिख पोत दी गई। सिविल लाइन पुलिस ने सोमवार को मामले की जानकारी ली। वहीं, सिंचाई संघ के एक गुट ने दूसरे गुट पर आग लगाने का आरोप लगा सिविल लाइन थाने में तहरीर दी है। वहीं, खंड गंगा नहर के अधिशासी अभियंता ने सिविल लाइन थाना व एसएसपी को तहरीर दी है। अधिशासी अभियंता ने दोनों ही गुटों को बिना मान्यता के बता सिंचाई संघ के कार्यालय को कब्जामुक्त कराकर एसपी सिटी से निष्पक्ष कार्रवाई की माग की है।
दो गुटों का विवाद, कार्यालय में आग
सिंचाई संघ के अध्यक्ष विनय कुमार सींचपाल ने दूसरे गुट पर आगजनी का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में नौ के विरुद्ध तहरीर दी है। वहीं, दूसरे गुट के अध्यक्ष विनय कुमार त्यागी ने सींचपाल पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। सोमवार को विनय कुमार सींचपाल ने पुलिस बुलाकर घटना की जानकारी दी।
वर्जन ..
सहायक अभियंता प्रथम को कार्यालय को कब्जा मुक्त करने के आदेश दिए हैं। दोनों ही गुट के पास सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से मान्यता नहीं है। दोनों गुटों की आपसी खींचतान के चलते कार्यालय में आग लगाई गई। एसपी सिटी व सिविल लाइन को कार्रवाई लिखते हुए मुख्य अभियंता, डीएम, अधीक्षण अभियंता आदि अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
- आशुतोष सारस्वत, अधिशासी अभियंता, मेरठ खंड गंगानहर, मेरठ