फायरिग से जमीन पर लेटे ग्राहक, कर्मचारियों ने छोड़ी कुर्सी
घटना सिर्फ 60 सेकेंड में हुई। उसका खौफ कई घंटे तक लोगों के चेहरे पर देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फायरिग होते ही कैश काउंटर पर खड़े सभी ग्राहक जमीन पर लेट गए थे।
मेरठ, जेएनएन। घटना सिर्फ 60 सेकेंड में हुई। उसका खौफ कई घंटे तक लोगों के चेहरे पर देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फायरिग होते ही कैश काउंटर पर खड़े सभी ग्राहक जमीन पर लेट गए थे। एक महिला तो बेहोश भी हो गई थी। कर्मचारियों ने कुर्सी छोड़ दी और काउंटर के पीछे छिपने लगे। यदि सायरन नहीं बजता तो बदमाश करोड़ों की लूट को अंजाम दे सकते थे। उस समय स्ट्रांग रूम भी खुला हुआ था।
बैंक के सुरक्षा गार्ड प्रदीप, बीमा एजेंट आशीष वर्मा और अमन गुप्ता ने पूरे घटनाक्रम को आंखों से देखा है। बदमाश बैंक के कैश काउंटर तक पहुंच गए थे। पहल काउंटर पर कैशियर सुशील बैठे थे। दो बदमाशों ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि उनके दो साथियों ने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। बैंक की सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बदमाश बार बार बैंक में तमंचा दिखाकर धमकी दे रहे है। उस समय बैंक के काउंटर पर करीब दस ग्राहक खड़े हुए थे। बदमाशों के घुस जाने पर सभी जमीन पर लेट गए थे।
सुरक्षा गार्ड ने दिखाई हिम्मत : सुरक्षा गार्ड प्रदीप कुमार ने हिम्मत दिखाई। उसने गेट पर ही बदमाशों को पहले रोक दिया। उसके बावजूद बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देता रहा। तब बदमाशों ने गार्ड से उसकी बंदूक लूट ली। उसे मुख्य प्रबंधक के केबिन में बंद कर दिया। इसके बाद ही बदमाश लूटपाट करने चले थे। तभी सायरन बज गया, उसके बाद तो बदमाश भागने की फिराक में जुट गए।
पूरी प्लानिंग से घटना को दिया अंजाम : पुलिस की जानकारी में सामने आया कि बदमाश बाहर के हैं। ऐसे में पुलिस मान रही है कि बैंक का कोई कर्मचारी भी बदमाशों से मिला हो सकता है। पुलिस ने सभी बैंक कर्मचारियों पर भी नजर रखनी शुरू कर दी। पुलिस मान रही है कि बदमाश काफी पहले से लूट की प्लानिंग कर रहे थे। दरअसल, बदमाशों ने उस समय बैंक पर अटैक किया, जब टीपीनगर पुलिस गगन विहार में हुई हत्या के मामले में जांच कर रही थी। उसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने बैंक पर अटैक कर दिया।
मेवला फ्लाईओवर के नीचे बदमाशों का अड्डा : मेवला फ्लाईओवर के एक साइड में होटल मुकुट महल में कस्टडी से भागकर बदन सिंह बद्दो रुका था। इसके बाद दिन दहाड़े पंजाब नेशनल बैंक में बदमाशों ने लूटपाट करने का दुस्साहस किया। इससे लग रहा है कि बदमाश मेवला फ्लाईओवर को छिपने के लिए सुरक्षित स्थान मानते हैं।