एक ही रात में तीन मकानों में लाखों की चोरी
लिसाड़ी गेट में चोरों का आतंक है। एक ही रात में चोरों ने तीन मकानों से लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। परिजनों को सुबह जानकारी हुई। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
मेरठ,जेएनएन। लिसाड़ी गेट में चोरों का आतंक है। एक ही रात में चोरों ने तीन मकानों से लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। परिजनों को सुबह जानकारी हुई। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
थाना क्षेत्र के हुमायूंनगर निवासी कासिम और उसका भाई नाजिम एक ही मकान में उपर-नीचे के हिस्से में रहते हैं। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर में कासिम उसकी पत्नी दिलबर और छोटा भाई अनस थे। रात को किसी समय चोर छत के रास्ते से घर में घुस गए और अलमारियों के ताले तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के जेवर और 22 हजार रुपये चोरी कर ले गए। इसके बाद बदमाश पड़ोसी सलमान के घर में घुस गए। वहां से दो मोबाइल और करीब 25 सौ रुपये ले गए। यहां से निकलने के बाद उन्होंने शमा के मकान को निशाना बनाया। यहां से बदमाश एक मोबाइल चोरी कर ले गए। सुबह सभी को चोरी का पता चला। एक रात में तीन घरों में चोरी की सूचना से आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
बोले लोग, रात में गश्त नहीं होती : घटना के बाद एकत्र हुए लोगों ने कहा कि रात में पुलिस की गश्त नहीं होती। इसके चलते ही आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की।