खैरनगर बाजार की बनेगी सड़क, दुरुस्त होगी जलनिकासी
गुरुवार सुबह 9.30 बजे दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ महापौर सुनीता वर्मा और कार्यवाहक नगर आयुक्त अमित कुमार सिंह ने किया।
मेरठ, जेएनएन : गुरुवार सुबह 9.30 बजे दैनिक जागरण के 'स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ' अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ महापौर सुनीता वर्मा और कार्यवाहक नगर आयुक्त अमित कुमार सिंह ने किया। इस दौरान नगर निगम के सफाई कर्मियों ने खैरनगर चौराहे से सफाई शुरू की। पूरे बाजार में झाड़ू लगाई गई। साथ ही नालियों से कचरा निकाला गया। कूड़ा गाड़ी भी कचरा उठाने पहुंची। इसके बाद महापौर और निगम अधिकारियों के समक्ष स्थानीय लोगों ने समस्याएं रखीं। लोगों ने कहा कि खैरनगर शहर का प्रमुख दवा बाजार है, लेकिन सड़क जर्जर है। यहां आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। नालियों की सफाई और कूड़ा उठान को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। कार्यवाहक नगर आयुक्त ने सफाई नायक जाकिर से नियमित सफाई के लिए कहा। महापौर सुनीता वर्मा ने लोगों को बताया कि खैरनगर बाजार की सड़क पास हो गई है। जल्द इसका निर्माण भी शुरू हो जाएगा। जलनिकासी को लेकर परेशान हैं लोग
खैरनगर के लोगों ने बताया कि मुख्य मार्ग की पुलिया संकरी है। जिसकी वजह से नाले की जलनिकासी बाधित होती है और बाजार में जलभराव होता है। इससे निजात दिलाने के लिए पुलिया का चौड़ीकरण किया जाना चाहिए। ये हैं प्रमुख समस्याएं
- बरसात के मौसम में जलभराव होता है।
- बाजार की सड़क जर्जर अवस्था में है।
- नालियों की सफाई नियमित नहीं होती।
- स्ट्रीट लाइट दिन में भी जलती रहती हैं।
- डस्टबिन का अभाव है। कूड़ा फेंकने में परेशानी होती है। कार्यवाहक नगर आयुक्त का वादा
-बरसात से पहले पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।
-खैरनगर बाजार में डामर वाली सड़क बनेगी।
-नालियों की नियमित सफाई के दिए निर्देश।
-दिन में स्ट्रीट लाइट बुझाने के निर्देश।
-डस्टबिन की संख्या बढ़ाने की बात कही।
लोगों की परेशानी उन्हीं की जुबानी
फोटो 25
स्ट्रीट लाइट दिन में जलती रहती हैं। कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। बिजली की बचत करनी है तो इस पर ध्यान देने की जरूरत है।
परवीन कुमार फोटो 26
नालियों में कचरा जमा होने से दुर्गध आती है। नियमित सफाई कराए जाने की जरूरत है। झाड़ू रोजाना लगती है। नालियों का कचरा भी रोजाना निकलने के साथ उठा लिया जाए तो बेहतर होगा।
जियाउद्दीन फोटो 30
खैरनगर बाजार में दुकाने हैं। नगर निगम को डस्टबिन लगाने चाहिएं। पर्याप्त संख्या में न होने से थोड़ी देर में भर जाते हैं। समय से कूड़ा भी नहीं उठता। इसलिए डस्टबिन की संख्या बढ़ानी चाहिए।
दिलशाद फोटो 29
बरसात के मौसम में खैरनगर बाजार में जलभराव बड़ी समस्या रहती है। पुलिया संकरी होने के कारण जलनिकासी नहीं हो पाती। आश्वासन मिला है। उम्मीद है कि इस बार राहत मिलेगी।
दानिश इन्होंने कहा-
खैरनगर बाजार में अतिक्रमण की समस्या भी है। लोगों को सड़क पर दुकानें नहीं लगानी चाहिएं। सफाई, जल निकासी समेत अन्य समस्याओं को दूर करने के निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए हैं।
-अमित कुमार सिंह, कार्यवाहक नगर आयुक्त खैरनगर बाजार के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि सड़क अच्छी बन जाए। यह मांग पूरी कर दी गई है। जलनिकासी के लिए पुलिया के निर्माण के लिए लोगों ने कहा है।
-सुनीता वर्मा, महापौर