सपा ने की प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग
मेरठ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को पार्टी के नेताओं ने
मेरठ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को पार्टी के नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराध पर विरोध जताया। सपाइयों ने कमिश्नरी पार्क में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। उधर, डीएम कार्यालय में जाने को लेकर भी सुरक्षा कर्मियों ने जमकर धक्का-मुक्की भी हुई।
सोमवार को सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह के नेतृत्व में सपा नेता डीएम आफिस पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहा है। सहारनपुर से लेकर मथुरा तक आपराधिक वारदात हो रही हैं, लेकिन प्रदेश सरकार अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम है। प्रदेश के हालात को देखते हुए तत्काल यहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। इसके बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा गया। इससे पहले सपाइयों ने कमिश्नरी पार्क में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। उधर, डीएम कार्यालय में घुसने को लेकर भी सपाईयों की गेट पर तैनात होमगार्ड और पुलिस कर्मियों से जमकर धक्कामुक्की भी हुई। एमएलसी सरोजनी अग्रवाल को भी अंदर जाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। इस दौरान मुख्य रूप से सपा विधायक रफीक अंसारी, एमएलसी सरोजिनी अग्रवाल, पूर्व विधायक गुलाम मौहम्मद, प्रभू दयाल वाल्मीकि, पूर्व जिपं अध्यक्ष सीमा प्रधान, पूर्व सांसद हरीश पाल, अतुल प्रधान, आकिल मुर्तजा, विजयपाल आदि मौजूद रहे।