जल निगम ऑफिस पहुंची गुस्साई जनता
मेरठ : जल निगम ने सीवरेज योजना के नाम पर पूरे शहर में जगह जगह सड़कें खोदकर लोगों का घरों से निकल पाना
मेरठ : जल निगम ने सीवरेज योजना के नाम पर पूरे शहर में जगह जगह सड़कें खोदकर लोगों का घरों से निकल पाना तक दूभर कर दिया है। परेशान जनता तथा व्यापारी नेताओं ने बुधवार को जल निगम अफसरों का घेराव करके हंगामा किया। पांडव नगर, प्रगति नगर, प्रभात नगर, नंगलाबंट्टू समेत आधा दर्जन से ज्यादा क्षेत्र के हजारों लोगों को तो जल निगम ने घरों में कैद करके रख दिया है। इस क्षेत्र को जाने वाली तीनों सड़कों को खोदा गया है। दो में अभी सीवर लाइन नहीं डली है जबकि एक के गढ्डे को बंद करके अभी सड़क चलने लायक नहीं बनी है। इन हालात से परेशान क्षेत्र के लोग पार्षद पति रविंद्र तेवतिया के नेतृत्व में बुधवार को जल निगम ऑफिस पर जा पहुंचे। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर मुन्ना सिंह चौहान तथा अन्य अभियंताओं का घेराव करके हंगामा किया। पांडव नगर समिति सचिव झम्मन सिंह, नंगला बंट्टू व्यापार संघ अध्यक्ष तुषार गर्ग, सचिव डा. सतेंद्र चौहान, प्रभात नगर आवासीय समिति अध्यक्ष नादान सिंह, पूर्व चीफ इंजी. आर पी सिंह, प्रदीप शर्मा, होशियार सिंह आदि ने कहा कि जल निगम की लापरवाही के कारण हजारों लोग व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने अफसरों को ज्ञापन देकर जल्द सड़कें ठीक न किए जाने पर अफसरों को बंधक बनाने की चेतावनी दी। लोगों के गुस्से को देख प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ तमाम अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ठेकेदारों को भी तलब कर लिया तथा तत्काल नंगला बंट्टू रोड का सुधार कार्य शुरू कराया। प्रोजेक्ट मैनेजर मुन्ना सिंह चौहान ने बताया कि नंगला बंट्टू व पांडव नगर ई ब्लाक वाली सड़क पर तीन दिन में हालात ठीक किए जाएंगे। 15 दिन में उन्होंने सड़कों पर पत्थर डालकर सड़कों को चलने लायक कर देने की घोषणा की। कमिश्नर आवास के सामने खुदी सड़क को उन्होंने तीन दिन के भीतर ठीक करने का आश्वासन दिया।
छह महीने से परेशान साकेत, आसपास भी खोदी सड़कें
फोटो :
मेरठ : जल निगम की लापरवाही शहर की जनता पर भारी पड़ रही है। साकेत के सर्वाधिक व्यस्त गोल मार्केट चौराहा पर ही जल निगम ने सड़क को खोदकर वहां सीवर लाइनों का कनेक्शन किया था। लगभग तीन महीने तक काम करने के बाद गढ्डा तो भर दिया गया, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी। जिससे वहां से लोगों का निकल पाना आज भी दूभर है। छह महीने से यही स्थिति बनी हुई है। अब इसके आसपास एलआइसी ऑफिस के सामने, पांडवनगर, प्रगतिनगर के तीनों प्रवेश मार्गो को भी सड़कें खोदकर जल निगम ने बंद कर दिया है। जल निगम की मनमानी का सर्वाधिक शिकार साकेत है। गोल मार्केट चौराहा साकेत का सर्वाधिक व्यस्त क्षेत्र है। यहां लगभग सितंबर महीने में जल निगम ने चौराहे पर बीस फीट से अधिक गहरे गढ्डे खोदकर तीन महीने तक सीवर लाइनों के कनेक्शन का काम किया था। इसके बाद गढ्डे में मिंट्टी भरकर छोड़ दी गई। अभी भी यहां मिंट्टी ही भरी है। समस्या का समाधान करने के स्थान पर जल निगम अफसरों ने इसके आसपास एलआइसी के क्षेत्रीय कार्यालय के सामने, कमिश्नर आवास के सामने से पांडव नगर को जाने वाले मार्ग, नंगला बंट्टू मार्ग तथा प्रभात नगर व प्रगति नगर को पेट्रोल पंप के बराबर से जाने वाले मार्ग को भी खोद डाला है।
इन्होंने कहा..
काम करते ही सड़क नहीं बनाई जाती। गढ्डा भरकर कुछ दिन के लिए छोड़ा जाता है। ताकि मिंट्टी बार बार न धंसे। साकेत में सड़क बनाने के लिए अब मौसम गर्म होने का इंतजार किया जा रहा है। अन्य सड़कों पर भी तेजी से सुधार किया जाएगा। जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
-मुन्ना सिंह चौहान, एक्सईएन जल निगम