Migrant workers in Meerut: मेगा अभियान में मेरठ से 38 बसों में भेजे गए 1150 कामगार Meerut News
मेरठ में कामगारों को गृह जनपद भेजने के लिए मेगा अभियान चलाया गया। इन जगह गए कामगार मध्य प्रदेश 557 नेपाल 55 लखीमपुर 68 बिहार 257।
मेरठ, जेएनएन। भैंसाली बस अड्डे पर बुधवार को कामगारों को गृह जनपद भेजने के लिए मेगा अभियान चलाया गया। 38 बसों में 1150 कामगारों और परिवारों को रवाना किया गया। यह कामगार पिछले दो दिनों से बस का इंतजार कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार रात में भी 10 बसों की व्यवस्थ की जा रही है।
बताते चलें कि सोमवार और मंगलवार को बसों के न जा पाने से बस अड्डे पर प्रवासी श्रमिकों को भारी भीड़ जमा हो गई थी। बुधवार को ट्रैक्टर ट्राली और बस में बैठ कर जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों से कामगार आए। यह कामगार गन्ने के खेतों में छिलायी का काम कर रहे थे। मिलें बंद हो गई हैं और छिलायी का काम समाप्त हो गया है। ऐसे में बसों का संचालन होने की सूचना से काफी संख्या में लोग रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। बुधवार को कई किसान कामगारों को लेकर कार से लेकर भी आए। अरनावली, जंगेठी, मुल्हेडा, दबथुवा आदि क्षेत्रों से कामगार पहुंचे। दोपहर तीन बजे तक सभी 38 बसों को रवाना किया जा चुका था। जिसमें सबसे ज्यादा झांसी के लिए बसें गई हैं इनमें मध्यप्रदेश के 557 कामगार रवाना हुए हैं। इसके अलावा नेपाल निवासी कामगारों के लिए बसें भेजी गई हैं।
नौ बजेे चली पहली बस
सुबह छह बजे से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रमिकों की थर्मल स्कैनिंग शुरु कर दी थी। नौ बजे पहली बस को झांसी के लिए रवाना कर दिया गया था। भारी संख्या में श्रमिकों के एकत्र होने से भोजन की व्यवस्था करने में अधिकारियों के पसीने छूट गए। सहायक नोडल अधिकारी अमरजीत सिंह ने कहा कि कामगारों को भोजन और पानी वितरित करने के उपरांत रवाना किया गया। रोडवेज के एआरएम राजेश कुमार और आरके वर्मा भी मौके पर व्यवस्था बनाने में लगे रहे। एडीएम वित्त सुभाष चंद्र प्रजापति ने बताया कि 1150 श्रमिकों को गृह जनपदों के लिए रवाना किया गया है। उन्होंने कहा कि बचे हुए कामगारों के लिए बसों की व्यवस्था की जा रही है। बताया कि अब बिना रजिस्ट्रेशन के किसी को बसों से नहीं भेजा जाएगा। अब 352 बसों, तीन ट्रेनों से 15956 कामगार गृह जनपदों को भेज जा चुके हैं। बुधवार को तीन बसों में 17 कामगार दक्षिण भारत के शहरों से 17 कामगार आए। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को दूसरा मौका था जब इतने ज्यादा कामगारों को रवाना किया गया है। इसके पहले कोर्सा रिसार्ट से 45 बसें एक दिन में रवाना की गई थी।