विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ में गुब्बारा में गैस भरते समय टंकी में हुआ विस्फोट, युवक की हो गई मौत

By Jaiprakash Nishad Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 04:42 PM (IST)

मऊ के परशुरामपुर में गुब्बारे में गैस भरते समय टंकी फटने से 32 वर्षीय परवेज अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, विशेषकर उनकी पत्नी और दो छोटी बेटियों के लिए जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।

मऊ में गुब्बारा गैस टंकी फटने से युवक की मौत परिवार में मातम।

मऊ में गुब्बारा गैस टंकी फटने से युवक की मौत परिवार में मातम।

HighLights

  1. गुब्बारा गैस टंकी फटने से युवक गंभीर घायल।

  2. इलाज के दौरान वाराणसी अस्पताल में मौत हुई।

  3. परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, आर्थिक संकट।

जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ)। क्षेत्र के परशुरामपुर में मंगलवार को दोपहर गुब्बारे में गैस भरने के दौरान गैस टंकी में हुए जोरदार विस्फोट में गंभीर रूप से घायल युवक की वाराणसी स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार दोपहर बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक है। वहीं परिवार के जवान बेटे की असमय मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

क्षेत्र के परशुरामपुर निवासी 32 वर्षीय परवेज अहमद अपने पिता के साथ पंक्चर की दुकान चलाता था। इसके साथ ही शादी-विवाह और मेलों में गुब्बारे बेचने का काम भी करता था। मंगलवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर स्थित एक स्थान पर वह गैस टंकी से गुब्बारों में गैस भर रहा था। एक विवाह समारोह में गुब्बारों की आपूर्ति करनी थी। इसी दौरान अचानक गैस टंकी तेज धमाके के साथ फट गई।

विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास के मकानों की दीवार और छज्जे तक क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में परवेज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन उसको इलाज के लिए आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए। यहां से हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहा इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। परवेज की मौत से पत्नी रुकसाना बानो पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

उनकी दो बेटियां 7 वर्षीया नजरीन और 3 वर्षीया साबरीन हैं। दोनों मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पांच भाइयों में परवेज सबसे बड़ा था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में परिवार के सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।