विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ में जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी महिलाएं, प्रशासन के हाथ-पांव फूले

By Jaiprakash Nishad Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 03:34 PM (IST)

मऊ के मधुबन तहसील में गोंड समुदाय की महिलाएं और किशोरियां अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी न होने से नाराज होकर पानी की टंकी पर चढ़ गईं। उपजिलाधिकारी के 15 दिन में समस्या समाधान के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, उन्होंने स्वयं बच्चों को नीचे उतारा।

HighLights

  1. गोंड समुदाय ने अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र की मांग की।

  2. महिलाएं और किशोरियां पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया।

  3. एसडीएम ने 15 दिन में समाधान का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ)। तहसील मुख्यालय पर गोंड जाति का अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर आंदोलनरत अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा के बैनर तले बुधवार को दर्जनों महिलाएं और किशोरियां तहसील परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गईं।

शासनादेश जारी होने के बावजूद प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने से नाराज प्रदर्शनकारियों ने टंकी पर चढ़कर तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की। सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह ड्रामा तीन बजे उपजिलाधिकारी दीपक कुमार सिंह के 15 दिन के अंदर समस्या के समाधान के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। इस दौरान एसडीएम स्वयं पानी की टंकी पर चढ़े और छोटी-छोटी बच्चियों को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।

आंदोलनरत प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शासनादेश जारी होने के बावजूद तहसील क्षेत्र में गोंड समाज के पात्र लोगों को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया जा रहा है। इसके चलते समाज के छात्र-छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। पात्र होने के बावजूद प्रमाण पत्र के अभाव में उन्हें सरकारी सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है।

उन्होंने तहसील स्तर पर तहसीलदार और लेखपालों की मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि आवेदन के साथ सभी संबंधित अभिलेख और साक्ष्य उपलब्ध कराने के बाद भी आवेदन निरस्त कर दिए जा रहे हैं। इससे आवेदकों को बार-बार तहसील का चक्कर लगाना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष राजेश गोंड ने मांग की कि तहसील क्षेत्र में पूर्व में जिन परिवारों के गोंड जाति के प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं, उन्हीं अभिलेखों और साक्ष्यों को आधार बनाकर उनके बच्चों के भी प्रमाण पत्र जारी किए जाएं।

पूर्व में अपनाई गई प्रक्रिया के अनुरूप वर्तमान में भी पात्र आवेदकों को प्रमाण पत्र दिया जाए। उन्होंने शासनादेश का पालन सुनिश्चित करते हुए प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने तहसील प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एसडीएम ने समस्या के निस्तारण के लिए टीम गठित कर 15 दिन के अंदर समाधान कराने का लिखित भरोसा दिया। इसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। प्रदर्शन में राजेश कुमार गोंड, केदारनाथ गोंड, राहुल गोंड, सोनी देवी, पूनम सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।