मऊ में प्रसव के बाद महिला की मौत, जच्चा-बच्चा केंद्र पर हंगामा, मौके पर पुलिस पहुंची
चिरैयाकोट, मऊ के शिवा चिकित्सालय में प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव से एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने केंद्र पर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और बाद में समझौता हुआ।

मऊ के चिरैयाकोट में प्रसव के बाद महिला की मौत अस्पताल में हंगामा।
HighLights
चिरैयाकोट में प्रसव के बाद महिला की मृत्यु हुई।
अत्यधिक रक्तस्राव के कारण जच्चा-बच्चा केंद्र में मौत।
परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया, पुलिस पहुंची।
जागरण संवाददाता, चिरैयाकोट (मऊ)। नगर से भीखमपुर गांव जाने वाले मार्ग पर स्थित शिवा चिकित्सालय जच्चा-बच्चा केंद्र में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने केंद्र पर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। रानीपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी 28 वर्षीय ममता प्रसव के लिए गुरुवार रात 11 बजे केंद्र पहुंची थीं।
शुक्रवार सुबह सामान्य प्रसव से उन्हें बेटी हुई। इसके बाद महिला को काफी रक्तस्राव होने लगा। चिकित्सक रक्तस्राव रोकने का प्रयास कर रहे थे, तभी महिला की मौत हो गई। चिकित्सक आरबी यादव और डा. बिना यादव महिला और नवजात को अपने निजी कार से रसूलपुर स्थित घर छोड़कर केंद्र लौट आए। शव देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और केंद्र पहुंचकर हंगामा किया।
उन्होंने पुलिस 112 को सूचना दी। थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य कुछ सिपाहियों के साथ पहुंचे और चिकित्सक व हंगामा कर रहे लोगों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। परिजनों और गांव के कुछ लोगों ने नवजात बच्ची को चिरैयाकोट के एक चिकित्सालय में भर्ती कराया। बाद में चिकित्सक और मृतका के परिजनों के बीच समझौता होने पर मामला समाप्त हो गया।