जिले में मिले तीन और कोरोना पॉजिटिव, कुल संख्या पहुंची 22
जिले में दो दिनों से कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट आने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को जहां पांच लोग पाजिटिव आए थे वहीं दूसरे दिन गुरुवार को दो और नए कोरोना पाजिटिव केस मिलने से हड़कंप मच गया।
जागरण संवाददाता, मऊ : जिले में दो दिनों से कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट आने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को जहां पांच लोग पाजिटिव आए थे, वहीं दूसरे दिन गुरुवार को दो और नए कोरोना पाजिटिव केस मिलने से हड़कंप मच गया। मधुबन तहसील क्षेत्र का धरमपुर विशुनपुर गांव तो सबसे ज्यादा पाजिटिव केस वाला गांव बन गया है। जबकि मर्यादपुर दूसरे स्थान पर है। गुरुवार को धरमपुर विशुनपुर के एक और युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई तो फतहपुर मंडाव का भी एक युवक पाजिटिव पाया गया। इन सबका सैंपल सैंपल 21 मई को लिया गया था। ये सभी मुंबई से ट्रकों व विभिन्न साधनों से गांव में पहुंचे थे तथा होम क्वारंटाइन में थे। धरमपुर विशुनपुर में इसके पूर्व एक ही परिवार के छह लोग पाजिटिव पाए गए थे। अब उस गांव में कोरोना पाजिटिव की संख्या सात हो गई है। पूरे गांव को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है तो 400 मीटर के दायरे में आने वाले अन्य गांवों या मजरों की आबादी को बफर जोन। यह जानकारी गुरुवार की शाम जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि धरमपुर विशुनपुर में पाजिटिव पाया गया युवक पहले संक्रमित पाए गए एक ही परिवार के छह लोगों के संपर्क में आया था। वह भी उन लोगों के साथ मुंबई से आया था तथा होम क्वारंटाइन में था। दूसरा 20 वर्षीय युवक फतहपुर मंडाव का है, वह भी मुंबई से ट्रक में ही सवार होकर आया था और होम क्वारंटाइन में था। फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र तो कोरोना पाजिटिव के मामले में जिले में पहले से ही टॉप पर बना हुआ है, अब खुद उस गांव में भी एक पाजिटिव केस आ गया है। बुधवार की दिन में मर्यादपुर गांव में एक बार फिर एक किशोरी समेत तीन नए पाजिटिव केस मिले थे तो देर रात में एक और युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। इस तरह उस गांव में भी पाजिटिव की संख्या आधा दर्जन पहुंच गई। जिन दो लोगों की रिपोर्ट गुरुवार को आई, उन सबका सैंपल 21 मई को लिया गया था, एक हफ्ते बाद रिपोर्ट आई तो उनके गांवों में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पाजिटिव मिले लोगों को आइसोलेशन में भेज दिया गया है तो उनके परिजनों को फेसिलिटी क्वारंटाइन करा दिया गया है। जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार की शाम को कुल 30 लोगों की रिपोर्ट आई। इनमें से 28 की रिपोर्ट निगेटिव तथा दो लोगों की पॉजिटिव मिली। दोनों पाजिटिव रिपोर्ट मधुबन तहसील क्षेत्र के फतहपुर मंडाव ब्लाक की है। उनमें से एक धरमपुर विशुनपुर का है तो दूसरा फतहपुर मंडाव गांव का। इसके पूर्व मर्यादपुर गांव के एक और युवक की पाजिटिव रिपोर्ट बुधवार की देर रात में आई थी। इन सबको मिलाकर अब जिले में कुल पाजिटिव केस की संख्या 22 हो गई है। जबकि इनमें से एक स्वस्थ हो चुका है। एक युवक की रिपोर्ट दिल्ली से आई थी। शाम को मिली रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर दोनों गांवों मे कार्रवाई में जुट गई।
.......
डुमरांव गांव के 39 लोग क्वारंटाइन में
जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को परदहा ब्लाक के एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके परिवार और संपर्क में आए कुल 39 लोगों को फेसिलिटी क्वारंटाइन में रखा गया है। खुद उस गांव के निगरानी समिति के अध्यक्ष ग्राम प्रधान समेत उस गांव के अधिकांश युवा संक्रमित पाए गए युवक के साथ क्रिकेट खेलते रहे। जबकि वह मुंबई से आया था। उसे होम क्वारंटाइन में रहना चाहिए था मगर गांव के युवकों के साथ वह क्रिकेट खेलता और पूरे गांव में घूमता रहा। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 60 लोगों को फेसिलिटी क्वारंटाइन में रखा गया था।