पुलिस की तत्परता से आरोपित धराया
कोपागंज थाना क्षेत्र के इटौराडोरिपुर निवासी एक नाबालिग लड़की के पिता ने दिन पहले गांव के एक युवक पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर पुलिस को देते हुए न्याय की गुहार लगायी थी।
जागरण संवाददाता, पुराघाट (मऊ) : कोपागंज थाना क्षेत्र के इटौरा डोरीपुर निवासी एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर भगा ले जाने का आरोप एक युवक पर लगाते हुए उसके पिता ने थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को किशोरी संग गिरफ्तार कर लिया। युवक का चालान कर दिया गया तो किशोरी को मेडिकल जांच के लिए महिला पुलिस जिला अस्पताल ले गई।
पीड़ित पिता की तहरीर पाते ही पुलिस खोजबीन में लगी थी। इसी बीच पता चला कि शनिवार को युवक लड़की को भगा कर कहीं ले जा रहा है। मुखबिर से सूचना मिलते ही एसआई राजेश वर्मा हमराहियों संग मऊ रेलवे स्टेशन पहुंच गए। पुलिस देख युवक किशोरी को छोड़कर भागने लगा। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को भी उसके साथ थाने लाई। युवक के विरुद्ध पास्को एक्ट एवं संबंधित धाराओं में मुकदमा कर चालान कर दिया।