24 से 26 जनवरी तक मनाया जाएगा उत्तर प्रदेश दिवस
जनपद में उत्तर प्रदेश दिवस-2020 धूमधाम से मनाया जाएगा। आगामी 24 से 26 जनवरी होने वाले इस आयोजन की रूपरेखा शनिवार की शाम कलेक्ट्रेट में हुई जिला प्रशासन की बैठक में तय की गई।
जागरण संवाददाता, मऊ : जनपद में उत्तर प्रदेश दिवस-2020 धूमधाम से मनाया जाएगा। आगामी 24 से 26 जनवरी होने वाले इस आयोजन की रूपरेखा शनिवार की शाम कलेक्ट्रेट में हुई जिला प्रशासन की बैठक में तय की गई। अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि 24 जनवरी को सोनीधापा इंटर कालेज के मैदान में सभी कार्यक्रम आयोजित होंगे। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का शुभारंभ जनपद के समस्त विद्यालयों की बच्चियों द्वारा रैली निकाल कर की जाएगी। मैदान में संबंधित विभागों द्वारा विभागीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सभी विभाग अपनी योजनाओं के बारे में स्टाल लगाकर जानकारी देंगे।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि ब्लाक स्तर एवं तहसील स्तर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के जागरूकता के ²ष्टिगत विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं अन्य कार्यक्रम कराएं। जिलाधिकारी ने जनपद में विभिन्न बोर्डों की टापर छात्राओं को पुरस्कृत करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में अन्य महिलाओं द्वारा जो सराहनीय कार्य किए गए हों उन्हें भी पुरस्कृत किया जाय। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, वनाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर, सभी खंड विकास अधिकारी, सभी अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।