मऊ में जमीन की पैमाइश पर भिड़े दो पक्ष, सीओ चकबंदी ने भागकर बचाई जान
मऊ के दुबारी ग्राम पंचायत में विवादित जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिससे सीओ ...और पढ़ें

मऊ में जमीन पैमाइश के दौरान दो पक्षों में मारपीट, सीओ चकबंदी ने भागकर बचाई जान।
HighLights
मधुबन के दुबारी में जमीन पैमाइश पर दो पक्ष भिड़े।
सीओ चकबंदी मायाशंकर सिंह को मौके से भागना पड़ा।
पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की, गांव में तैनाती।
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ)। दुबारी ग्राम पंचायत में बुधवार को विवादित जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद सीओ चकबंदी मायाशंकर सिंह भीड़ से निकलकर किसी तरह बाहर आए। सूचना पर भारी पुलिस बल पहुंचा और दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति नियंत्रित की।
कौड़ीपुर में जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों इस जमीन पर अपना दावा करते हैं। बुधवार को सीओ चकबंदी अपनी टीम के साथ पैमाइश कराने पहुंचे थे। पैमाइश शुरू होते ही दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक पक्ष का आरोप है कि पैमाइश के दौरान उनकी जमीन गलत तरीके से नापने का प्रयास किया जा रहा था। दूसरे पक्ष का कहना है कि पैमाइश नियमानुसार हो रही थी, लेकिन कुछ लोग जबरन बाधा डाल रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा। पुलिस के पहुंचने पर लोग वहां से चले गए। एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीओ चकबंदी ने बताया कि वह सरकारी कार्य के तहत पैमाइश कराने पहुंचे थे। कुछ लोगों के विरोध के चलते मारपीट की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि घटना की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।