मऊ में एक्सपायरी वैक्सीन से तीन भैंसों की मौत, फार्मासिस्ट और निजी पशु चिकित्सक पर केस
मऊ के कुतुबपुर गांव में एक्सपायरी वैक्सीन लगाने से तीन भैंसों की मौत हो गई। पुलिस ने कोपागंज के फार्मासिस्ट ...और पढ़ें

मऊ में एक्सपायरी वैक्सीन से तीन भैंसों की मौत, फार्मासिस्ट और निजी पशु चिकित्सक पर केस दर्ज।
HighLights
मऊ में एक्सपायरी वैक्सीन से तीन भैंसों की मौत।
फार्मासिस्ट और निजी पशु चिकित्सक पर केस दर्ज।
अधिकारियों ने मौके का दौरा कर जांच के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, कोपागंज/पूराघाट (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर गांव में एक्सपायरी वैक्सीन लगाने के बाद तीन भैंसों की मौत हो गई। पुलिस ने कोपागंज राजकीय पशु चिकित्सा केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट राजेंद्र यादव और निजी पशु चिकित्सक राजकुमार राजभर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वैक्सीन लगाने की निर्धारित अवधि सितंबर में समाप्त हो गई थी, लेकिन राजकुमार राजभर ने अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भैंसों को टीका लगाया। इसके बाद पशुओं की तबीयत बिगड़ी और तीन भैंसों की मौत हो गई। अन्य पशुओं के बीमार होने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी एमएलसी बिच्छेलाल राजभर को दी।
उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की। सदर एसडीएम सचिन सिंह और सदर तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने इंदारा में तैनात पशु चिकित्सा अधिकारी राघवेंद्र सिंह को मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया। कुतुबपुर निवासी इंदली देवी और राजेश राजभर ने थाने में तहरीर दी। उनका आरोप है कि राजकुमार राजभर ने खुद को ब्लाक से आया कर्मचारी बताकर टीका लगाने की बात कही और पशुपालकों के मना करने के बावजूद जबरन टीका लगाया।
शिकायतकर्ताओं ने फार्मासिस्ट राजेंद्र यादव पर निजी व्यक्ति को वैक्सीन उपलब्ध कराने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक राहुल कुमार को सौंपी है। कोपागंज के प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी गुलाम अली अंसारी ने बताया कि तीन पशुओं की मौत हुई है और मामले में झोलाछाप पशु चिकित्सक व फार्मासिस्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।