जनपद के छह अध्यापक राज्य पुरस्कार के लिए चयनित
बेसिक शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के आधा दर्जन शिक्षकों का चयन राज्य स्तर पर सम्मानित करने हेतु किया गया है। इनमें से पांच जनपद में ही तो एक बलिया जनपद में कार्यरत हैं।
जागरण संवाददाता, मऊ : बेसिक शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के आधा दर्जन शिक्षकों का चयन राज्य स्तर पर सम्मानित करने के लिए किया गया है। इनमें से पांच जनपद में ही तो एक बलिया जनपद में कार्यरत हैं। बेसिक शिक्षा निदेशालय द्वारा उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार के लिए इतने शिक्षकों का एक साथ चयनित होना जनपद के लिए गौरव व गर्व की बात है तो इस गौरवपूर्ण क्षण से संपूर्ण शिक्षक समुदाय आह्लादित है।
साक्षात्कार वीडियोज के आधार पर पूरे प्रदेश से 90 शिक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किये जाने हेतु चयनित किया गया है। इस सूची में जनपद मऊ से पूरे प्रदेश में सर्वाधिक छह शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें डा. रामविलास भारती पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली घोसी, अंजनी कुमार सिंह प्राथमिक विद्यालय कइयां रतनपुरा, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव पूर्व माध्यमिक विद्यालय झझवां कोपागंज, सुनीत कुमार यादव पूर्व माध्यमिक विद्यालय भुसुवां रानीपुर, धर्मराज चौहान प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव रानीपुर हैं। इनके साथ ही जनपद के रतनपुरा विकास खंड के नसीराबाद कला निवासी तथा बलिया जनपद के रसड़ा ब्लाक के आदर्श प्राथमिक विद्यालय भीखमपुर पर बतौर प्रधानाध्यापक कार्यरत अनिल कुमार वर्मा का भी चयन इस पुरस्कार के लिए किया गया है। इन शिक्षकों ने भौतिक परिवेश को बेहतर करने के साथ साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का कार्य किया है जिसके कारण प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग में मऊ विशिष्ट स्थान बनाए हुए है।