मऊ में शिवपाल यादव ने राम मंदिर चढ़ावा व अराजकता को लेकर सरकार को घेरा
घोसी में दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह की पुण्यतिथि पर सपा महासचिव शिवपाल यादव ने प्रदेश सरकार पर अराजकता, भ्रष्टाचार और राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर हमला बोला। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सुधाकर सिंह के पुत्र डॉ. सुजीत सिंह के दावों का भी समर्थन किया।

शिवपाल यादव ने मऊ में सरकार को घेरा, राम मंदिर चढ़ावा चोरी और भ्रष्टाचार पर उठाए सवाल।
HighLights
शिवपाल यादव ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी, भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा।
डॉ. सुजीत सिंह को सुधाकर सिंह का उत्तराधिकारी बताया, आशीर्वाद मांगा।
सपा नेताओं ने महंगाई, पेपर लीक, सरकारी नीतियों की आलोचना की।
जागरण संवाददाता, घोसी (मऊ)। नगर से सटे दादनपुर में विधायकी के कार्यकाल के दौरान ही दिवंगत हो गए सुधाकर सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवापाल सिंह ने प्रदेश में अराजकता, शासकीय विभागों में भ्रष्टाचार एवं राममंदिर के चढावा की चोरी को मुद्दा बनाते हुए सरकार पर आक्रमण किया।
गोरखपुर प्रकरण से लेकर विद्युत आपूर्ति एवं बिजली विभाग द्वारा गरीबों के यहां छापेमारी कर अवैध वसूली सहित अन्य प्रकरण उठाया।
उन्होंने एक तरफ प्रदेश सरकार को महंगाई, भ्रष्टाचार एवं चंदा चोरी पर घेरा तो वहीं दूसरी ओर अप्रत्यक्ष रूप से आगामी विधानसभा चुनाव में विधायक स्व.सुधाकर सिंह के पुत्र पूर्व ब्लाक प्रमुख डा. सुजीत सिंह के दावों पर मोहर लगाया।
सुजीत सिंह के सिर पर हाथ रखकर कहा कि सुजीत ही सुधाकर की राह पर चलकर उनके सपनों को पूरा करेंगे। आप लोग इनको आशीर्वाद दें। यह लंबे समय तक क्षेत्र की सेवा करेंगे। विशिष्ट अतिथि सांसद लालजी वर्मा ने लोकतंत्र में विपक्ष को सम्मान देने की परंपरा विलुप्त होने की बात कहा। उन्होंने भाजपा पर विपक्षी दलों पर नाहक मुकदमा एवं जांच की नीति अपना कर डराने का आरोप लगाया।
सांसद राजीव राय ने कहा कि डबल एवं ट्रिपल इंजन की सरकार में आने वाली नस्लों का भविष्य बेकार हो गया है। पेपर लीक, खाद की बोरी से खाद लीक, प्रश्न पत्र से प्रश्न चोरी, नौकरी लग गई तो नौकरी चोरी, राम मंदिर के नाम पर जमीन चोरी और चढ़ावा चोरी और वोट चोरी ही इस सरकार की उपलब्धि है।
पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने सुधाकर सिंह को याद करते हुए गीता का श्लोक पढ़ जुमलेबाजों की सरकार से निजात दिलाने को सपा एवं अखिलेश की सरकार बनाने को कहा। इस अवसर पर सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, पूर्व मंत्री रामाश्रय विश्वकर्मा, विधायक रागिनी सोनकर, डा. एचएन सिंह पटेल, राजेंद्र कुमार, महिला मोर्चा की अध्यक्ष रीमा राजभर, पूर्व विधायक अमरेश चंद पांडेय, बैजनाथ, बलिया के आद्याशंकर यादव, ममता चंद्रा, दूधनाथ यादव, मुन्ना यादव, धर्मप्रकाश यादव,अरशद जमाल, अल्ताफ अंसारी, साधु यादव, तैयब पालकी, हाजी इरफान आदि उपस्थित थे।
जरूरतमंदों को कंबल, सेनानियों को सम्मान
सपा नेता राजेंद्र नाथ पांडेय के संचालन में संपन्न इस कार्यक्रम मेें एक हजार जरूरतमंदों को कंबल दिया गया। सुधाकर सिंह के भाई अनिल सिंह, पुत्र सुजीत, भतीजे भास्कर, भूणण, अंकुर पोता अंकित सिंह गांधी एवं अन्य स्वजन ने जिले भर के लोकतंत्र सेनानियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।