लाखों के घाटे में रोडवेज, यात्री अलग परेशान
बार-बार लग रहे जाम के चलते प्रशासन की ओर से दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक रोडवेज प्रांगण से बसों के संचालन पर रोक लगाई गई है। इससे रोडवेज की आय प्रभावित हो रही है। यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। दो दर्जन से अधिक बसों का संचालन प्रतिदिन प्रभावित हो रहा है।
जागरण संवाददाता, मऊ : स्थानीय रोडवेज यात्रियों की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। त्योहारों पर यातायात प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन के एक फरमान ने रोडवेज प्रबंधकों की नींद उड़ाकर रख दिया है। नए फरमान के चलते पिछले तीन दिनों से मऊ डिपो के ढाई दर्जन बसों के पहिए ही नहीं घूम पा रहे हैं, जिससे डिपो को लाखों का घाटा अब तक हो चुका है। उधर, रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्री बसों के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। बाहरी डिपो से शहर की ओर आने वाली बसें दूसरे रूटों से होकर गुजर रही हैं। लखनऊ व बलिया के लिए बसें बलिया मोड़ जाकर पकड़नी पड़ रही हैं।
दीपावली पर्व पर शहर में बढ़ी भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक मऊ डिपो प्रांगण में बसों के आने व जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके चलते सोनभद्र डिपो, ¨वध्यनगर डिपो, काशी डिपो और गाजीपुर डिपो की सभी बसें गाजीपुर तिराहे व भीटी चौराहे से निकल रही हैं। वहीं, लखनऊ और आजमगढ़ की ओर से बलिया की ओर जाने वाली बसें मतलूपुर मोड़ व बलिया मोड़ होकर निकल रही हैं। रात्रि 10 बजे तक बसों का संचालन रोकने के चलते स्थानीय डिपो की कई सेवाएं पिछले तीन दिनों से बाधित हैं। रोडवेज को प्रतिदिन लाखों रुपये का घाटा हो रहा है। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद यात्री बसों के लिए भटक रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग यात्रियों को उठानी पड़ रही है। ऐसे में डग्गामारों की चांदी कट रही है। ई-रिक्शा वाले यात्रियों से अनाप-शनाप पैसे वसूल कर बलिया मोड़ व मतलूपुर छोड़ रहे हैं। उधर, पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात को सुगम बनाने के लिए यह निर्णय लेना अपरिहार्य हो गया था। भीड़ के चलते बालनिकेतन फाटक से गाजीपुर तिराहे तक पूरे दिन जाम लगा रह रहा था। मऊ डिपो मुख्यालय इसी मार्ग पर होने के चलते संचालन रोकने का निर्णय लिया गया। सूत्रों के मुताबिक रोडवेज को प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हो रहा है। वर्जन ..
बार-बार लग रहे जाम के चलते प्रशासन की ओर से दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक रोडवेज प्रांगण से बसों के संचालन पर रोक लगाई गई है। इससे रोडवेज की आय प्रभावित हो रही है। यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। दो दर्जन से अधिक बसों का संचालन प्रतिदिन प्रभावित हो रहा है।
- आरएल पाल, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, मऊ डिपो।