UP पुलिस में हेड कांस्टेबल रिचा यादव ने बैडमिंटन मुकाबले में जीता 2 कांस्य पदक; मऊ में खुशी की लहर
रिचा यादव ने अहमदाबाद में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीतकर मऊ जिले का नाम रोशन किया है।

मुहम्मदाबाद गोहाना के नोनियापुर निवासी रिचा यादव कांस्य पदक के साथ : स्वयं
HighLights
रिचा यादव ने दो कांस्य पदक जीते राष्ट्रीय चैंपियनशिप में।
अहमदाबाद में हुई ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन प्रतियोगिता।
उत्तर प्रदेश पुलिस की मुख्य आरक्षी हैं रिचा यादव।
जागरण संवाददाता, मुहम्मदाबाद गोहना(मऊ)। तहसील क्षेत्र के नोनियापुर गांव की रिचा यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्टेडियम में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप में उन्होंने दो कांस्य पदक जीते।
रिचा समाजवादी पार्टी के नेता प्रेमचंद यादव की भतीजी हैं। वह नोनियापुर गांव की पहली बेटी हैं, जिन्होंने बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में अब तक वह चार रजत और छह कांस्य पदक जीत चुकी हैं। रिचा गाजियाबाद में बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रही हैं। वर्ष 2023 में उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में हुआ था।
वह वाराणसी में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं। पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ खेल के लिए समय निकालना उनके अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। पिता सुनील यादव ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।
दादी सावित्री यादव भी पोती की उपलब्धियों से खुश हैं। मोती यादव, मुलायम यादव, ओमप्रकाश यादव, रामदास, पंकज यादव समेत क्षेत्र के लोगों ने रिचा को बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।