हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए तीन राजकीय, 59 अशासकीय एवं 72 वित्तविहीन विद्यालय शामिल
मऊ जिले में 2026-27 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए 134 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें 71,656 परीक्षार्थी ...और पढ़ें

मऊ में हाईस्कूल इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां तेज 134 केंद्र प्रस्तावित।
HighLights
मऊ में 134 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित, 71,656 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा।
पिछले वर्ष से 7 केंद्र बढ़े, परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई।
नकलविहीन परीक्षा कराने और इंटरमीडिएट रैंकिंग सुधारने की चुनौती।
जागरण संवाददाता, मऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनपद में 134 परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से बोर्ड को भेजा गया है। वर्ष 2026-27 में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 71,656 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
इनमें हाईस्कूल के 36,867 एवं इंटरमीडिएट के 34,789 परीक्षार्थी शामिल हैं। जिला स्तर से तैयार की गई परीक्षा केंद्रों की सूची में तीन राजकीय, 59 अशासकीय सहायता प्राप्त एवं 72 वित्तविहीन विद्यालयों को शामिल किया गया है।
पिछले वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 73,523 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार सात केंद्रों की वृद्धि हुई है, जबकि परीक्षार्थियों की संख्या में 1,867 की कमी आई है। परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ने से विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए अपेक्षाकृत नजदीकी केंद्र मिलने की संभावना है।
बीते वर्ष के परीक्षा परिणाम पर नजर डालें तो हाईस्कूल में 34,911 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 32,544 विद्यार्थी सफल हुए थे। वहीं इंटरमीडिएट में 38,612 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 31,419 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की थी। प्रदेश स्तर पर हाईस्कूल के परिणाम में मऊ ने 11वां स्थान हासिल किया था, जबकि इंटरमीडिएट में जिला 43वें स्थान पर रहा था।
इस बार हाईस्कूल में परीक्षार्थियों की संख्या इंटरमीडिएट से 2,078 अधिक है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के बाद अब परीक्षा को व्यवस्थित, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां महत्वपूर्ण होंगी। जिले के शिक्षा विभाग के सामने पिछले वर्ष के बेहतर प्रदर्शन को बनाए रखने के साथ इंटरमीडिएट की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में सुधार की चुनौती भी रहेगी।
जनपद स्तर से परीक्षा केंद्र के निर्धारण की लिस्ट बोर्ड को भेज दी गई है। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से किया जाएगा। अभी फाइनल नहीं हुआ है।
गौतम प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।