अध्यक्ष, महामंत्री पद पर है रोचक संघर्ष, कल पड़ेंगे वोट
सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन की एक वर्षीय कार्यकारिणी के चुनाव में मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे-वैसे कचहरी परिसर में चुनावी तापमान अपने चरम पर है। विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोक दी है। प्रत्याशियों के दावतों का दौर अब अपने चरम पर है। अध्यक्ष व महामंत्री पद पर रोचक मुकाबला है।
जागरण संवाददाता, मऊ : सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन की एक वर्षीय कार्यकारिणी के चुनाव में मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे कचहरी परिसर में चुनावी तापमान अपने चरम पर है। विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अध्यक्ष व महामंत्री पद पर रोचक मुकाबला तय है। एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, साधारण उपाध्यक्ष दो पद, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सहमंत्री के तीन पद व कोषाध्यक्ष सहित कुल 11 पदों पर चुनाव होना है। अध्यक्ष पद पर राजेंद्र राय पहले एक बार इस पद को सुशोभित कर चुके हैं। वहीं दो वर्ष पूर्व चुनाव में जीतकर अध्यक्ष पद की गरिमा बढ़ा चुके वीरेंद्र बहादुर पाल क्रिमिनल के वकील व पूर्व एमएलसी वरिष्ठ वकील दयाराम पाल के सुपुत्र हैं। पहली बार भाग्य आजमा रहे सिविल के वरिष्ठ व गंभीर प्रत्याशी योगेंद्र सिंह भी मैदान में हैं, तीनों के बीच कड़ा मुकाबला है।
महामंत्री पद पर अरविद तिवारी, अजय कुमार सिंह, केके यादव व शशिप्रकाश ऊर्फ तेगा के बीच घमासान होने की संभावना है। अरविद तिवारी, केके यादव व शशिप्रकाश तेगा पहली बार चुनावी समर में कूदे हैं। वहीं अजय सिंह लगातार दूसरी बार भाग्य आजमा रहे हैं। मतदान 26 फरवरी को 10 बजे से 4.00 बजे तथा मतगणना 27 फरवरी को एवं परिणाम की औपचारिक घोषणा 28 फरवरी को आमसभा में की जाएगी। एल्डर कमेटी के चेयरमैन दीनानाथ यादव ने बताया कि मतदान 26 फरवरी को 10 बजे से बार के लाइब्रेरी हाल में होगा। मतदान के दिन सभी मतदाता सदस्यों को सीओपी नंबर वाला पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। चुनाव की सारी तैयारी पूरी हो गई हैं। परिसर में मतदान व मतगणना के समय सुरक्षा का व्यापक बंदोबस्त किया गया है।