विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ में खुलेगा पीएम मॉडल जन औषधि केंद्र, 1400 से 1500 तक रेंज की दवाएं होगी उपलब्ध

Published: Sat, 14 Nov 2026 03:40 PM (IST)

मऊ में प्रधानमंत्री मॉडल जन औषधि केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे दवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी और 1400-1500 तक दवाओं की रेंज मिलेगी।

मऊ में खुलेगा पीएम मॉडल जन औषधि केंद्र।

मऊ में खुलेगा पीएम मॉडल जन औषधि केंद्र।

HighLights

  1. मऊ में स्थापित होगा प्रधानमंत्री मॉडल जन औषधि केंद्र।

  2. केंद्र पर 1400 से 1500 तक दवाएं उपलब्ध होंगी।

  3. सस्ती दरों पर मिलेंगी आयुर्वेदिक और अंग्रेजी दवाएं एक छत के नीचे।

जागरण संवाददाता, मऊ। आमजन को सस्ते व सुलभ दर पर दवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले में प्रधानमंत्री मॉडल जन औषधि केंद्र स्थापित किया जाएगा। इससे दवाओं की उपलब्धता बढ़ जाएगी। मॉडल केंद्र के स्थापित किए जाने से लगभग 300 अतिरिक्त दवाओं का रेंज भी बढ़ जाएगा।

भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषधि विभाग द्वारा मॉडल केंद्र में मरीजों को दवाओं के बाबत जानकारी प्रदान करने के लिए डिस्पले बोर्ड भी लगाया जाएगा। इस पर मंत्रालय की ओर से नियुक्त विशेषज्ञ मरीज को दवाओं की संपूर्ण जानकारी प्रदान करते रहेंगे।

जनपद में कुल 26 जन औषधि केंद्र संचालित हैं। शहर में आठ व 18 ग्रामीण क्षेत्र में संचालित हो रहे हैं। विभाग की मानें तो मॉडल औषधि केंद्र का संचालन से हर दवाएं मिलेगी। होलसेलर के पास उपलब्ध नहीं रहने वाली दवाएं भी यहां उपलब्ध रहेगी। यहां कंपनी से सीधे सप्लाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री मॉडल जन औषधि केंद्र पर अब तक 1000 से 1200 तक दवाओं का रेंज उपलब्ध रहता था, लेकिन मॉडल केंद्र पर 1400 से लेकर 1500 तक दवाएं उपलब्ध रहेंगी।

मंत्रालय द्वारा इसके लिए शहर के जिला अस्पताल के पास स्थित संचालित किए जा रहे प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का चयन किया गया है। केंद्र को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। मॉडल जन औषधि केंद्र इस माह के अंत तक चालू हो जाएगा।

मॉडल केंद्र में सस्ते दर मिलेंगी आयुर्वेदिक दवाएं

जिला अस्पताल के पास स्थित प्रधानमंत्री मॉडल जन औषधि केंद्र में आयुर्वेद की तीन से चार सौ दवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।मरीज को अंग्रेजी व आयुर्वेदिक दवाएं खरीदने के लिए अलग-अलग दुकानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। एक छत के नीचे उन्हें सभी प्रकार की दवाएं सस्ते दाम पर प्राप्त होंगी।

प्रधान मंत्री मॉडल जन औषधि केंद्र का संचालन नवंबर माह के अंत तक शुरू कर दिया जाएगा। केंद्र सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक सातों दिन मरीजों के लिए खुला रहेगा। प्रशिक्षित कर्मचारी मंत्रालय द्वारा निर्धारित ड्रेस में उपलब्ध रहेंगे। -प्रदीप झा, संचालक प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।