कटान की समस्या को लेकर फूलन सेना ने किया जल सत्याग्रह
तहसील क्षेत्र के देवारा में घाघरा की कटान से प्रभावित बिदटोलिया में गुरुवार को फूलन सेना ने जल सत्याग्रह किया।तहसीलदार को ज्ञापन देकर पीड़ित परिवारों के मदद की मांग किया।
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) : स्थानीय तहसील क्षेत्र के देवारा में घाघरा की कटान से प्रभावित बिदटोलिया में गुरुवार को फूलन सेना ने जल सत्याग्रह किया।तहसीलदार को ज्ञापन देकर पीड़ित परिवारों के मदद की मांग किया। क्षेत्र के बिदटोलिया में गुरुवार शुरू अनिश्चितकालीन जल सत्याग्रह में सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल निषाद ने कहा कि देवारा में घाघरा बाढ़ और कटान से हर वर्ष तबाही मचाती है। लोगों को बेघर होना पड़ता है। इसके बावजूद सरकार इस पर ध्यान नहीं देती है। सरकार गरीबी नहीं बल्कि गरीबों को ही मिटाने पर तुली हुई है। फूलन सेना चुप बैठने वाली नही है। इस जल सत्याग्रह के दौरान दिए गए आश्वासन पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक कदम नहीं उठाया जाता है। जल समाधि लेने का काम किया जाएगा। सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे तहसीलदार सुभाष चंद्र ने मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर निराकरण कराने का भरोसा दिया। इस दौरान रामबली, अमरजीत, गोपाल भारती, रामाश्रय उपस्थित थे।