गर्मी के साथ ही बढ़ने लगे मरीज
गर्मी बढ़ने से मौसमी बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी रोज बढ़ती जा रही है। हीट स्ट्रोक डायरिया सांस के मरीजों में भी बढ़ोत्तरी हो रही है।
जागरण संवाददाता, मऊ : गर्मी बढ़ने से मौसमी बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी रोज बढ़ती जा रही है। हीट स्ट्रोक, डायरिया, सांस के मरीजों में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। अप्रैल माह में ही गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गर्मी-सर्दी होने के कारण खांसी, जुकाम, नजला आदि बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। पिछले चार-पांच दिनों से जिला अस्पताल, सीएचसी एवं पीएचसी पर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले की अपेक्षा मरीजों की संख्या में ज्यादा बढ़ोत्तरी हो रही है।
अस्तपताल खुलने का समय आठ से दो बजे तक है। इसके चलते आसपास के क्षेत्र के ग्रामीण व स्थानीय लोग अस्पताल में दवाई लेने के लिए दोपहर तक आते रहते हैं। इस समय गेहूं की कटाई व मड़ाई तेजी से चल रही है। इसके चलते सांस के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। चिकित्सकों की माने तो प्रतिदिन करीब एक दर्जन मरीज सांस की बीमारी से पीड़ित आ रहे हैं। अस्पतालों पर पहुंचने वाले मरीजों में अधिकांश मौसमी बीमारियों से ही पीड़ित हैं।