अब डरा रही है दोपहर में खिलती धूप
सुबह कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बाद दोपहर में खिलने वाली धूप मनभावन लगती है। धूप का इंताजार कर रहे लोग सूर्यदेव का दर्शन करते ही राहत की सांस ले रहे हैं
जागरण संवाददाता, घोसी (मऊ) : सुबह कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बाद दोपहर में खिलने वाली धूप मनभावन लगती है। धूप का इंतजार कर रहे लोग सूर्यदेव का दर्शन करते ही राहत की सांस ले रहे हैं पर इस धूप से डर भी रहे हैं। धूप निकलने के बाद शाम को कोहरा एवं ठंडक का दौर प्रारंभ होता है तो बादशाहत सुबह देर तक कायम तक रहती है।
दरअसल नववर्ष के प्रथम दिन पश्चिमी विक्षोभ के और आगे बढ़ कर उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों की तरफ आने के चलते कहीं बारिश तो कहीं ओले पड़े। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान वृद्धि देखी गई। जनपद में भी बर्फीली हवाएं कड़ाके की सर्दी के रूप में सितम ढा रही हैं। बीते चार दिन आकाश में बदली छाए के कारण धूप नहीं निकली। इसके चलते गलन कम न हुई। उत्तराखंड में दूसरी बार बर्फ गिरने के चलते हवा सीधे हड्डी तक पहुंचने लगी। रविवार को मौसम ने दोपहर में रुख बदला पर शाम को तापमान में स्वाभाविक गिरावट के बाद सुबह कोहरा छाया तो देर तक सूर्यदेव फरार रहे। सूर्यदेव ने सोमवार के बाद मंगलवार को भी दर्शन तो दिया है पर दोपहर बाद से ही गलन में वृद्धि शुरू हो गई। इसके चलते बुधवार की सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना प्रबल हो गई है। हालांकि मौसम विभाग ने मौसम में परिवर्तन का दावा किया है। बहरहाल जिस दिन धूप निकल रही है, उसके अगले दिन देर तक कोहरा छाए रहने के कारण मंगलवार की धूप बुधवार के लिए टीईटी परीक्षार्थियों को डराती नजर आई।