सरयू में नौ डुबकी लगाने से होता है सर्वकल्याण : हरिहर कृपालु
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष हरिहर कृपालु त्रिपाठी ने दोहरीघाट में सरयू स्नान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्तिक मास में सरयू में डुबकी लगाने, विशेषकर नौ डुबकी से संपूर्ण परिवार के कल्याण की बात कही और नदी स्वच्छता का आह्वान किया।

भगवान राम द्वारा पूजित सरयू में कार्तिक स्नान का विशेष महत्व।
HighLights
काशी विश्वनाथ न्यास के पूर्व अध्यक्ष ने बताया सरयू महत्व।
कार्तिक मास में सरयू स्नान से मिलता है विशेष पुण्य।
नौ डुबकी लगाने से संपूर्ण परिवार का होता सर्वकल्याण।
जागरण संवाददाता, दोहरीघाट (मऊ)। अयोध्या के बाद दोहरीघाट की पौराणिक धरती पर उत्तरायणी सरयू का प्रवाह होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।भगवान राम द्वारा पूजित व उनके स्नान से पवित्र हुई सरयू नदी में कार्तिक मास के दौरान स्नान करने का विशेष महत्व है। इस पवित्र नदी में श्रद्धापूर्वक डुबकी लगाने से मानव का कल्याण होता है।
यह बातें काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी न्यास के पूर्व अध्यक्ष पद्मश्री हरिहर कृपालु त्रिपाठी महाराज (कुरहंस वाले गुरुजी) ने कहीं। उन्होंने कहा कि सरयू माता मानव कल्याण के लिए प्रवाहित हो रही हैं। कार्तिक मास में नदी में स्नान, दीपदान, अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करने व पुष्प अर्पित करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
श्रद्धालुओं को अपनी सामर्थ्य व श्रद्धा के अनुसार एक, तीन, पांच, सात व नौ डुबकी लगानी चाहिए। एक डुबकी अपने कल्याण, तीन माता-पिता, पांच संतान, सात परिवार और नौ डुबकी संपूर्ण परिवार के सुख-समृद्धि एवं सर्वकल्याण के लिए लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अक्षय नवमी, देवोत्थान एकादशी व कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू स्नान का विशेष महत्व है।
कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरासुर वध की स्मृति में त्रिपुरी पूर्णिमा एवं देव दीपावली भी मनाई जाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सरयू में गंदगी, मल-मूत्र व साबुन का प्रयोग नहीं करने एवं नदी को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने की अपील की। कहा कि सरयू के दर्शन मात्र से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।