मुंबई पुलिस ने शार्प शूटर को उठाया, एक फरार
मुंबई में डेढ़ माह पूर्व हुई व्यवसायी की हत्या में वांछित एक बदमाश को पुलिस ने शनिवार की सुबह दबोच लिया। अलसुबह मुंबई पुलिस व स्थानीय पुलिस की जैसे ही कई वाहन रायपुर बाजार में दौड़ने लगे तो एक बारगी लोगों में किसी अनहोनी को लेकर दहशत व्याप्त हो गई। इस दौरान पुलिस ने अपना जाल बिछाकर राहुल गोंड को पकड़ लिया।
जागरण संवाददाता, चिरैयाकोट (मऊ) : मुंबई में डेढ़ माह पूर्व हुई व्यवसायी की हत्या में वांछित एक बदमाश को पुलिस ने शनिवार की सुबह दबोच लिया। अलसुबह मुंबई पुलिस व स्थानीय पुलिस की जैसे ही कई वाहन रायपुर बाजार में दौड़ने लगे तो एक बारगी लोगों में किसी अनहोनी को लेकर दहशत व्याप्त हो गई। इस दौरान पुलिस ने अपना जाल बिछाकर राहुल गोंड को पकड़ लिया। बदमाश को गिरफ्त में लेने के बाद पुलिस मुंबई के लिए रवाना हो गई है।
लगभग डेढ़ माह पूर्व राजन पासी और उसके गुर्गों ने मुंबई के बीसी थाना क्षेत्र में सुपारी लेकर एक व्यवसायी की हत्या कर दी। हत्या के बाद सभी आरोपी उत्तर प्रदेश भाग आए। मुंबई पुलिस की छानबीन में रायपुर के राजन पासी और उसके गुर्गों द्वारा सुपारी लेकर हत्या किया जाना सामने आया। राजन पासी को एक सप्ताह पूर्व पुलिस ने आगरा में हुई मुठभेड़ में पकड़ लिया था। महाराष्ट्र पुलिस को राहुल गोंड और हत्या में वांछित उसी गांव के एक और युवक की तलाश थी। पुलिस कई दिनों से गिरफ्तारी में लगी थी। इसमें एक को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली तो पुलिस की भनक पाकर एक फरार हो गया। हत्या में वांछित पांच बदमाशों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में एसओ सच्चितानंद यादव आदि पुलिस कर्मी शामिल थे।