संत रविदास ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय बकवल में कांग्रेस जनों की बैठक हुई। इसमें संत रविदासजी की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जासं, मऊ : जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय बकवल में कांग्रेस जनों की बैठक हुई। इसमें संत रविदासजी की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलाध्यक्ष अवनीश कुमार ¨सह ने कहा कि संत रविदासजी ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका अटूट विश्वास था कि ईश्वर की भक्ति के लिए सदाचार, परोपकार तथा सभ्य व्यवहार का पालन करना अति आवश्यक है। अभिमान त्याग कर दूसरों के साथ व्यवहार करने और विनम्रता तथा शिष्टता के गुणों का विकास करके ही मनुष्य ईश्वर की सच्ची भक्ति कर सकता है। इसीलिए वे कहते थे कि मन चंगा तो कठौती में गंगा।
मीडिया प्रभारी सुशील कुमार चौधरी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से ऊंच या नीच नहीं होता, बल्कि अपने कर्मों से ऊंच या नीच होता है। संत रविदासजी समाज में फैली जाति-पाति, छुआछूत, धर्म, संप्रदाय, वर्ण भेद जैसी बुराइयों से बेहद दुखी थे। इन बुराइयों को जड़ से समाप्त करने के लिए संत रविदास ने अनेक मधुर व भक्तिमयी रचनाओं का निर्माण किया और समाज के उद्धार के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर ओमनरायन शर्मा, चंपा भारद्वाज, राजेंद्र सोनकर, रामअधार निराला, बब्लू मास्टर, विनय गौतम, सुनील राम, महेंद्र प्रसाद, आशीष कुमार, प्रदीप कुमार, जयप्रकाश राम आदि थे।