मऊ में शादी समारोह में नर्तकी से छेड़खानी पर बराती-घराती में जमकर मारपीट, पुलिस की मौजूदगी में हुई रस्म
मऊ के बनियापार गांव में एक शादी समारोह के दौरान नर्तकी से छेड़खानी को लेकर घराती और बराती आपस में भिड़ गए, जिससे जमकर मारपीट हुई।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बनियापार गांव में मंगलवार की देर रात शादी समारोह के दौरान नर्तकी से छेड़खानी को लेकर घराती और बराती पक्ष आमने-सामने आ गए।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इससे शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और अपनी मौजूदगी में शादी की रस्म पूरी कराकर दुल्हन की विदाई कराई।
यह है पूरा मामला
बनियापार गांव में जिले के सलाहाबाद गांव से बारात आई थी। द्वारपूजा के दौरान महिलाएं मंगल गीत गाकर दूल्हे का स्वागत कर रही थीं, जबकि बैंड बाजा पार्टी अपने धुन पर नाच-गाना कर रही थी। इसी बीच आरोप है कि घराती पक्ष के कुछ युवकों ने बैंड पार्टी की नर्तकी के साथ छेड़छाड़ कर दी।
विरोध में बैंड पार्टी के लोगों ने बाजा बजाना बंद कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। यह देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने गुट बनाकर बरातियों को निशाना बनाया और दूल्हे के भाई की जमकर पिटाई कर दी। घटना में कई लोगों को चोटें आईं।
वहीं दूल्हे की गाड़ी में भी तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है। मारपीट और भगदड़ की सूचना मिलने पर खैराबाद पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। पूरी रात पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
इसके बाद शादी की अन्य रस्में पूरी कराई गईं और दुल्हन की विदाई संपन्न हुई। घटना के संबंध में लड़की के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि बैंड बाजे पर नाच को लेकर घराती और बराती पक्ष के बीच विवाद हुआ था। तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।
