विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ में बन रहा है शानदार 'स्ट्रीट फूड हब', 24 दुकानों में मिलेगा देसी व्यंजनों का जायका

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:59 PM (IST)

मऊ के बरलाई मोड़ पर 24 दुकानों वाला एक नया स्ट्रीट फूड हब बन रहा है, जो शहरवासियों को स्वच्छ और व्यवस्थित खानपान का अनुभव देगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मऊ में बन रहा 24 दुकानों का स्ट्रीट फूड हब।

  2. स्वच्छता और स्थानीय व्यंजनों को मिलेगा नया ठिकाना।

  3. जाम और भीड़भाड़ से मिलेगी शहरवासियों को निजात।

शैलेश यादव, मऊ। शहरवासियों को अब सड़क किनारे ठेलों और भीड़भाड़ के बीच खड़े होकर खानपान का स्वाद लेने की मजबूरी से जल्द निजात मिलने वाली है। नगर के बरलाई मोड़ पर स्वाद एवं स्वच्छता का नया ठिकाना विकसित किया जा रहा है। यहां एक ही परिसर में अलग-अलग तरह के देसी व क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा।

नगर पालिका प्रशासन की ओर से विकसित किए जा रहे स्ट्रीट फूड हब के लिए 24 दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। जल्द ही इन दुकानों का संचालन शुरू कराने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री वैश्विक नगर विकास याेजना के तहत स्ट्रीट फूड हब बनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य शहर में खानपान के कारोबार को व्यवस्थित करने के साथ स्थानीय व्यंजनों को नई पहचान दिलाना है। यहां छोटे दुकानदारों एवं खाद्य कारोबारियों को अपनी दुकान संचालित करने का अवसर मिलेगा।

एक ही स्थान पर मिलेंगे लजीज पकवान

पूर्वांचल के पारंपरिक व्यंजनों के साथ विभिन्न प्रकार के लजीज पकवान एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इससे लोगों को मनपसंद भोजन के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। नगर पालिका प्रशासन की योजना है कि इस हब को स्वच्छता व सुविधाओं के लिहाज से भी बेहतर बनाया जाए। इसके तहत स्वच्छ पेयजल, हाथ धोने, कूड़ा निस्तारण व बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग के नियमों का पालन करना अनिवार्य

खाद्य विक्रेताओं के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग में पंजीकरण व निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य रहेगा। परिसर में पार्किंग व हरियाली जैसी सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है। दरअसल, शहर में जगह-जगह सड़क किनारे लगने वाली खाद्य दुकानों से अक्सर जाम व भीड़भाड़ की स्थिति पैदा होती है।

C-251-1-VNS1738-484335

इसके अलावा लोगों को धूल, धुएं व प्रदूषण के बीच खानपान करना पड़ता है। स्ट्रीट फूड हब शुरू होने से इन समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। दुकानों के संचालन के बाद लोगों की जरूरत व कारोबारियों की मांग के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।

नगर पालिका की यह पहल न केवल शहर के खानपान को व्यवस्थित करेगी, बल्कि स्थानीय स्वाद को बाजार और छोटे कारोबारियों को रोजगार का नया अवसर भी देगी।

नगर में जाम से छुटकारा दिलाने, उड़ती धूल व गंदगी की वजह दूषित खानपान को देखते हुए बरलाई माेड़ पर स्ट्रीट फूड हब बनाने की तैयारी है। नगर पालिका द्वारा 24 दुकानों का निर्माण कराया गया है। अन्य कार्य पूरा कराया जा रहा है। जल्द ही स्ट्रीट फूड हब बनकर तैयार हो जाएगा। यहां लोगों को खानपान के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। -डॉ. मणि भूषण तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।