मऊ में स्मार्ट तरीके से पढ़ेंगे परिषदीय स्कूलों के बच्चे, 87 विद्यालयों में डिजिटल पढ़ाई शुरू
मऊ के परिषदीय विद्यालयों में अब स्मार्ट क्लास और डिजिटल माध्यमों से पढ़ाई शुरू हो गई है। जिले के 87 ...और पढ़ें

स्मार्ट तरीके से पढ़ेंगे परिषदीय स्कूलों के बच्चे।
HighLights
मऊ के 87 परिषदीय विद्यालयों में आईसीटी लैब स्थापित।
बच्चों को स्मार्ट क्लास और डिजिटल माध्यमों से शिक्षा।
विज्ञान, गणित जैसे विषयों को समझने में आसानी होगी।
जागरण संवाददाता, मऊ। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई का तौर-तरीका बदलने लगा है। अब यहां के बच्चे भी स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल माध्यमों से शिक्षा ग्रहण करेंगे। परंपरागत ब्लैक बोर्ड और किताबों के साथ अब कंप्यूटर स्क्रीन पर चित्रों, वीडियो व डिजिटल शैक्षिक सामग्री के जरिए पाठ पढ़ाए जा रहे हैं।
जिले के 87 कंपोजिट एवं जूनियर विद्यालयों में आईसीटी लैब स्थापित होने के बाद डिजिटल पढ़ाई की शुरुआत हो गई है। इससे सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जुड़ने और सीखने का अवसर मिल रहा है।
जिले में कुल 1208 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 87 विद्यालयों को आईसीटी लैब की सुविधा से जोड़ा गया है। इन विद्यालयों में मुख्य रूप से कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को कंप्यूटर और डिजिटल शैक्षिक सामग्री के माध्यम से पढ़ाया जा रहा है।
इसका उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित करना है। डिजिटल माध्यम से सबसे अधिक जोर विज्ञान व गणित जैसे विषयों को सरल एवं रुचिकर बनाने पर दिया जा रहा है।
विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को चित्रों व वीडियो के माध्यम से समझाने में सहूलियत मिल रही है, वहीं गणित के सवालों व सूत्रों को भी डिजिटल सामग्री के जरिए स्पष्ट किया जा सकता है। इससे बच्चों को कठिन विषयों को समझने में आसानी होगी। आईसीटी लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर संचालन की जानकारी भी मिल रही है। इससे उनमें तकनीकी ज्ञान व डिजिटल साक्षरता विकसित होगी।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण दुर्गा प्रसाद यादव ने बताया कि विभाग की यह पहल परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के साथ सरकारी और निजी स्कूलों के बीच डिजिटल संसाधनों की दूरी कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बच्चों में ज्ञान के साथ कंप्यूटर की भी जानकारी हो रही है।
परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शिक्षा के लिए सरकार हर संभव मदद कर रही है। सभी विद्यालयों को संसाधनों से लैस किया जा रहा है। ताकि कान्वेंट विद्यालयों की तरफ से लोगों का रुझान कम हो सके। सरकार की मंशा के अनुसार आधुनिक तकनीकी शिक्षा से भी दक्ष किया जा रहा है। -संतोष कुमार उपाध्याय, बीएसए मऊ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।