विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ सदर विधायक का रिपोर्ट कार्ड : चौड़ीकरण की कार्ययोजना तैयार, जाम से निजात का सपना नहीं हुआ साकार

By Jaiprakash Nishad Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 04 Sep 2026 11:50 AM (IST)

मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी ने जेल में रहने के बावजूद अपनी निधि से कई विकास कार्य कराए हैं, जिसमें ...और पढ़ें

मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी का रिपोर्ट कार्ड विकास कार्य और जाम की समस्या।

मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी का रिपोर्ट कार्ड विकास कार्य और जाम की समस्या।

HighLights

  1. विधायक अब्बास अंसारी ने जेल में रहते हुए भी विकास कार्य कराए।

  2. मऊ में भदसा-बढुआगोदाम सड़क चौड़ीकरण योजना अब तक अधूरी।

  3. शहर की सबसे बड़ी जाम और जलजमाव की समस्या बरकरार।

जागरण संवाददाता, मऊ। सदर विधानसभा क्षेत्र के सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह को कड़ी शिकस्त देकर चुनाव जीता था। विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता उल्लंघन सहित विभिन्न मामलों में आरोपित बनाए जाने के बाद वह जेल चले गए थे। लगभग चार साल तक वह जेल में रहे। पिछले दो माह पूर्व वह जेल से छूट कर आए। इसके बाद वह लगातार जनता के बीच में हैं।

सदर विधानसभा की सबसे बड़ी समस्या जाम की है। भदसा मानोपुर से बढुआगोदाम तक लगभग 18 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण की कार्ययोजना पिछले चार साल से बन रही है, लेकिन अभी तक यह साकार नहीं हो सकी है। इसकी वजह से हर दिन जनता जाम से जूझती है। पहली बार वर्ष 2023 में 275 करोड़ रुपये की लागत का आंकलन करके शासन में कार्ययोजना भेजी गई थी।

mau1

इसको बढुआगोदाम से कोपागंज, भदसा, मानोपुर तक इसको जोड़ना है। इस मार्ग से सारे अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन यह समस्या अभी बनी हुई है। यह फोरलेन पास नहीं हो सका। इसके साथ ही जिला अस्पताल में आक्सीजन प्लांट बैठाने का कार्य भी पूरा नहीं हो सका है। विधायक निधि से इंटरलाकिंग, पिच रोड, हाईमास्क लाइट आदि के कार्य कराए गए हैं। यहां की जनता अधिकांश कार्य को नगर पालिका व नगर विकास मंत्री एके शर्मा को योगदान देती है।

जेल में रहते हुए भी विधायक ने अपनी विधायक निधि का भरपूर प्रयोग किया है। इससे एक वर्ग की जनता को काफी लाभ मिला है। फिर भी अभी तमाम विकास कार्य नहीं हो पाएं हैं। इसके पीछे जनता विधायक के जेल में रहने की बात करती है। विधायक ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में हाईमास्क लाइट के लिए 1.72 करोड़ रुपये के कार्य कराए गए हैं।

शहर के भदेसरा में मुनिराज सिंह के मकान से संतोष सिंह के ट्यूबवेल से होते हुए तिलयता तक 22.60 लाख रुपये का इंटरलांकिग कार्य, परदहां विकास खड से ग्राम पंचायत मसड़ी में 17.65 लाख रुपये से इंटरलाकिंग कार्य, रतनपुरा के मलपुर लोहराई के कडवरा में नहर रोड से आशाराम यादव के खेत तक 19.28 लाख रुपये का इंटरलाकिंग कार्य, रतनपुरा के इटौरा में श्रीराम के घर से विधिचंद के घर तक 20.41 लाख रुपये का इंटरलांकिग कार्य किया गया है।

परदहां के बबुआपार सिंघाव में 35.12 लाख रुपये का इंटरलाकिंग कार्य किया गया है। इसके अलावा कई लोगों की बीमारियों में भी विधायक निधि का सदुपयोग किया गया है। विधायक के क्षेत्र में न रहने के बावजूद काम दिखाई दे रहे हैं। अधिकांश कार्य नगर पालिका द्वारा भी कराए गए हैं।

बोले व‍िधायक
जेल में रहने के बावजूद मैंने विधायक निधि से जनता के सारे कार्य कराएं गए हैं। जिला अस्पताल में 80 बेड का हास्पिटल था। इसे 100 बेड का करवाया गया है। साथ ही थैलेसीमिया मरीजों के लिए जिला अस्पताल में इलाज की सुविधा नहीं थी। इसकी पूरी व्यवस्था कराई गई है। इसके साथ ही बुनकरों के लिए टेक्सटाइल पार्क निर्माण के लिए बजट सत्र में प्रश्न उठाया था। यह जल्द ही बनेगा। इसके साथ ही सड़क, नाली, इंटरलाकिंग, हाईमास्क के सारे कार्य कराएं गए हैं। स्वास्थ्य के लिए और भी कार्य कराएं जाएंगे। अब जनता के बीच आ गए हैं। उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। शहर की सबसे बड़ी जाम की समस्या है। इसको विधानसभा में उठाऊंगा। रतनपुरा के गाढ़ा ताल में पानी लग जाता है। बीस गांवों की फसल जलमग्न हो जाती है। यह भी काम कार्य कराया जाना है। साथ ही शहर में अंडरपास का भी कार्य कराना है। - अब्बास अंसारी, विधायक सुभासपा।

बोले रनर अप
विधायक ने अपने कुछ चुनिंदा लोगों के लिए ही विधायक निधि का प्रयोग किया है। सदर विधानसभा में विधायक निधि से कोई कार्य नहीं किए गए है। चार साल से विधायक जेल में है और विधायक निधि का मनमाना दुरुपयोग किया गया है। विधानसभा क्षेत्र में जितने भी कार्य हुए हैं, वह नगर विकास व ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के प्रयास से किए गए है। इसका उदाहरण महादेव मंदिर का विकास है। साथ ही अन्य धार्मिंक स्थलों का भी विकास किया गया है। विधायक अपने पिता मुख्तार अंसारी की तर्ज पर राजनीति कर रहे हैं। इन्हें जनता पसंद नहीं करती है। - अशोक सिंह, रनर प्रत्याशी भाजपा

बोली जनता

  • जनपद में हर दिन जनता जाम से जूझती है। भींटी-गाजीपुर तिराहे से लेकर कलेक्ट्रेट तक जाने में घंटों समय लग जाता है। यही नहीं स्कूल जाने के लिए छात्रों को दिक्कत होती रहती है। इस समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। विकास कार्य हुए हैं लेकिन अभी और करने की जरूरत है। -डा. नम्रता श्रीवास्तव, होमियोपैथी चिकित्सक गाजीपुर तिराहा
  • शहर में काफी विकास कार्य किए गए हैं, लेकिन जाम की समस्या काफी दिनों से बनी हुई है। कई बार प्रस्ताव बनाकर बढ़ुआगोदाम व भदसा मानोपुर तक मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया। इसके बावजूद यह समस्या नहीं सुलझायी जा रही है। इसके साथ ही जलजमाव भी शहर की सबसे बड़ी समस्या है। -प्रियंका मद्देशिया, सहादतपुरा
  • शहर में समस्याओं की भरमार है। भींटी से गाजीपुर तिराहा होकर गुजरना मुश्किल है। कई बार शिकायत व लिखा पढ़ी के बावजूद कोई सार्थक परिणाम नहीं आ रहे हैं। इस मार्ग से हर दिन अधिकारियों की गाड़ियां गुजरती हैं। शहर का अनियोजित विकास हो रहा है। इसके लिए कोई रणनीति नहीं है। -देवप्रकाश राय, किसान नेता शहरोज
  • सदर विधानसभा में विकास कार्य तो हुए हैं लेकिन काफी कम है। अभी और कार्य किए जाने चाहिए। जाम शहर की सबसे बड़ी समस्या है। इसका निदान होना जरूरी है। स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में और काम करने की जरूरत है। न्यूरो आदि के इलाज के लिए दूसरे जनपदों को जाना पड़ रहा है। -शैलेंद्र यादव, शिक्षक ब्रह्मस्थान।