अपराधियों पर मऊ पुलिस ने कसा शिकंजा, 9 करोड़ रुपए की संपत्ति की कुर्क
मऊ जिला प्रशासन ने साढ़े तीन माह में अपराधियों से करीब नौ करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मऊ में साढ़े तीन माह में 9 करोड़ की संपत्ति कुर्क।
16 आरोपितों पर कार्रवाई, 9 अपराधी जिलाबदर किए गए।
गुंडा, शस्त्र और गोवध अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, मऊ। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने शिकंजा कसा है। साढ़े तीन माह में विभिन्न अपराध से अर्जित की गई करीब नौ करोड़ की संपत्ति कुर्क कर दी गई। इससे अपराधियों में दहशत है। यह अभियान मई से लेकर 13 अगस्त तक चलाया गया। इसके तहत गुंडा नियंत्रण, शस्त्र एवं गोवध अधिनियम में 16 आरोपितों पर कार्रवाई की गई और नौ अपराधी जिलाबदर किए गए।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन व एसपी कमलेश बहादुर के नेतृत्व वाली टीम ने सबसे बड़ी कार्रवाई दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के भदेसरा निवासी नवीन सिंह उर्फ रिक्कू, प्रवीण सिंह एवं विपिन सिंह के विरुद्ध हुई। इनकी 6.80 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि कुर्क की गई।
बलिया जिले के थाना गड़वार के हथौड़ी चनाडीह रतसड निवासी अनुज कुमार यादव की 80,000 मूल्य का पिकअप वाहन, हल्दी थाना के गंगापुर निवासी विजय कुमार 8,50 लाख मूल्य का बोलेरो पिकअप, मऊ के हलधरपुर थाना क्षेत्र के भुड़सुड़ी निवासी अभिषेक कुमार यादव उर्फ कन्हैया यादव का 1.85 लाख मूल्य का बोलेरो वाहन, बलिया के नरही थाना क्षेत्र के इच्छा चौबे का पूरा निवासी मदनमोहन यादव उर्फ डब्लू के दो वाहन (बोलेरो व पिकअप) कीमत 11.51 लाख रुपये, मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर निवासी सतीश सिंह उर्फ बबलू, अवनीश सिंह उर्फ मिंटू एवं मनीष सिंह उर्फ पिन्टू, की दो भवन संपत्तियां कीमत 50.69 लाख रुपये, घाेसी के करीमुद्दीपुर निवासी मसूद अख्तर उर्फ मसूद अहमद का 93.53 लाख मूल्य का भवन एवं मोहम्मद खालिद अंसार 53.89 लाख मूल्य का भवन कुर्क किया गया।
इसके साथ ही प्रशासन द्वारा कोपागंज थाना क्षेत्र के काझीकला निवासी प्रेमचंद, मधुबन थाना क्षेत्र के गाईगांवा निवासी रामअशीष पटेल एवं सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सरवां निवासी मानस मिश्रा के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए।
वहीं गोवध अधिनियम के तहत तीन आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। इसमें सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी गोविंद कुमार, आजमगढ़ के महराजगंज थानांतर्गत अक्षयबर निवासी कुलदीप सिंह एवं लखनऊ के चंदनपुर खानीपुर इटौजा निवासी हरीश बाबू के खिलाफ कार्रवाई की गई।
