विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ से मुंबई के बीच हफ्ते में दो दिन चलेगी स्पेशल ट्रेन, मुहम्मदाबाद गोहना में होगा ठहराव

Published: Fri, 25 Sep 2026 03:21 PM (IST)

रेलवे ने मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।

मुंबई से मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन चलेगी विशेष ट्रेन।

मुंबई से मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन चलेगी विशेष ट्रेन।

HighLights

  1. मुंबई-मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन विशेष ट्रेन चलेगी।

  2. यह ट्रेन त्योहारों में पूर्वांचल के यात्रियों को राहत देगी।

  3. मुहम्मदाबाद गोहना में भी इसका ठहराव सुनिश्चित किया गया है।

जागरण संवाददाता, करहां (मऊ)। पूर्वांचल के यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से राहत की खबर है। मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस एलटीटी से मऊ के बीच सप्ताह में दो दिन विशेष ट्रेन चलाने का ऐलान किया गया है।

ट्रेन संख्या 01123/01124 एलटीटी-मऊ विशेष का संचालन निर्धारित अवधि में किया जाएगा। रेलवे ने ट्रेन की समय सारणी भी जारी कर दी है। इस सूचना से क्षेत्रवासियों व व्यापारियों में हर्ष का माहौल है।

मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से ट्रेन संख्या 01123 प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को 09 अक्टूबर से 20 नवंबर तक संचालित होगी। वहीं मऊ से ट्रेन संख्या 01124 प्रत्येक रविवार और मंगलवार को 11 अक्टूबर से 22 नवंबर तक चलेगी।

यह विशेष ट्रेन मुंबई से चलकर वाराणसी, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़ होते हुए मुहम्मदाबाद गोहना और मऊ तक पहुंचेगी। मुहम्मदाबाद गोहना में ठहराव होने से स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी मुंबई आवागमन में सुविधा मिलेगी।

बताया गया कि विशेष ट्रेन में 11 स्लीपर, 4 एसी और 4 जनरल कोच शामिल होंगे। त्योहारों के दौरान मुंबई और पूर्वांचल के बीच यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उद्योग व्यापार मंडल के जिला युवा उपाध्यक्ष अनमोल साहू, जगदीश प्रसाद गुप्ता, मोनू पवन, अरुण साहू, अरविंद साहू एवं मनोज कश्यप ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत किया।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि मुंबई-मऊ के बीच विशेष ट्रेन चलने और मुहम्मदाबाद गोहना में ठहराव मिलने से क्षेत्र के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने रेलवे से भविष्य में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस रेल सेवा को नियमित किए जाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- पूर्व मध्य रेलवे का मेगा प्रोजेक्ट: पीडीडीयू-बिहार के बीच 400 किमी तक बिछेगी तीसरी-चौथी रेल लाइन