मऊ की 87 ग्राम पंचायतों में नहीं शुरू हो सकी डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर की कमी से डिजिटल का सपना अधूरा
मऊ की 87 ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर की कमी के कारण डिजिटल लाइब्रेरी परियोजना शुरू नहीं हो पाई है, जिससे ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मऊ की 87 ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी शुरू नहीं।
कंप्यूटर की कमी के कारण डिजिटल शिक्षा बाधित।
शासन को कंप्यूटर उपलब्ध कराने हेतु पत्र लिखा।
जागरण संवाददाता, मऊ। ग्रामीण छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की शासन की महत्वाकांक्षी योजना संसाधनों के अभाव में प्रभावित हो रही है। जिले की 87 ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर उपलब्ध नहीं होने के कारण डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल ज्ञान हासिल करने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
जिले के नौ ब्लाकों में कुल 645 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से 100 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। शासन की ओर से 14 ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के बाद लाइब्रेरी का संचालन शुरू हो गया है।
शेष 86 ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर के अभाव में लाइब्रेरी शुरू नहीं हो सकी है। डिजिटल लाइब्रेरी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को गांव में ही आधुनिक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना है। इंटरनेट के जरिए छात्र विभिन्न शैक्षिक सामग्री, ऑनलाइन पाठ्यक्रम और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
साथ ही युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने में भी मदद मिलती है। कंप्यूटर उपलब्ध नहीं होने से इन ग्राम पंचायतों में योजना का लाभ ग्रामीण छात्रों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए पंचायती राज विभाग की ओर से शासन को पत्र भेजकर कंप्यूटर और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
विभाग की मानें तो डिजिटल लाइब्रेरी के लिए कंप्यूटर और अन्य उपकरण की खरीद के लिए शासन स्तर से संस्था नामित की गई है। स्थानीय स्तर पर खरीद की व्यवस्था नहीं है। जिन ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई गई है, वहां पर इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।
डिजिटल लाइब्रेरी में किताबें उपलब्ध करा दी गई हैं। कंप्यूटर उपलब्ध कराने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। कंप्यूटर आते ही डिजिटल लाइब्रेरी भी शुरू कर दी जाएगी। -ध्रुव खाडिया, मुख्य विकास अधिकारी।
गांव में डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने से काफी सुविधा मिल रही है। अब गांव से बाहर पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ रहा है। इंटरनेट भी बेहतर चलता है। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी में सुविधा काफी अच्छी है। -रागिनी यादव, माधोपुर।
डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर और इंटरनेट की बेहतर सुविधा है। गांव में सुविधा मिलने पर पढ़ाई में काफी सुविधा मिल रही है। अब डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई के लिए गांव से बाहर नहीं जाना पड़ता है। -सुहाना मौर्य, माधोपुर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।