विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब पशुओं को रोजाना मिलेगा 250 ग्राम गुड़ और 25g नमक, मऊ में गो-आश्रय स्थलों पर ठंड से बचने के खास इंतजाम

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:58 PM (IST)

मऊ में मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच पशुपालन विभाग ने गो-आश्रय स्थलों में पशुओं को ठंड से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पशुओं को प्रतिदिन 250 ग्राम गुड़ और 25 ग्राम नमक मिलेगा।

  2. गो-आश्रय स्थलों को तिरपाल से ढका जाएगा, अलाव की व्यवस्था।

  3. बुजुर्ग और बीमार पशुओं को सूती बोरे से ढका जाएगा।

जागरण संवाददाता, मऊ। पिछले दिनों बारिश होने से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। अब रात ठंड होने लगी है। ऐसे में गो-आश्रय में रहने वाले पशुओं को ठंड व सर्द हवा से बचाव के लिए पशुपालन विभाग ने कवायद शुरू कर दी है।

अब हर दिन बेसहारा पशुओं को 250 ग्राम गुड़ व 25 ग्राम नमक देना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही गोआश्रय स्थलों को तिरपाल से पूरी तरह ढकने का इंतजाम किया है। साथ ही अत्यधिक ठंड बढ़ने पर गोआश्रय स्थलों में अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है।

जनपद में कुल 25 गो-आश्रय स्थल हैं। इनमें लगभग तीन हजार बेसहारा पशुओं को रखा गया है। गो-आश्रय स्थल में रहने वाले पशुओं के खान-पान का भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है। विभाग ने पशुओं को चारे के रूप में प्रतिदिन भूसा व हरे चारे के साथ ही 25 प्रतिशत पुआल का चारा मिलाकर खिलाने की सीमा निर्धारित की है।

दूसरी तरफ पशुओं के शरीर में नमी के असर को रोकने के लिए रोजाना 250 ग्राम गुड़ और 25 ग्राम नमक भी दिन में एक बार खिलाने का निर्देश दिया गया है। बुजुर्ग और बीमार बेसहारा पशुओं को सूती बोरे के टाट से शरीर को ढकने की व्यवस्था की जा रही है। पशुओं को ठंड से किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है।

गो-आश्रय में रहने वाले पशुओं को ठंड से बचाव के लिए गुड़ और नमक रोजाना खिलाने की व्यवस्था की गई है। अत्यधिक ठंड बढ़ने पर अलाव जलाने का निर्देश दिया गया है। बेसहारा पशुओं को किसी भी कीमत पर ठंड में ठिठुरने नहीं दिया जाएगा। -डॉ. सीपी सिंह कुशवाहा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।