मऊ में बीए की छात्रा को सांप ने डसा, उपचार के दौरान तोड़ दिया दम
मऊ के दोहरीघाट क्षेत्र में 21 वर्षीय बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अभिषेक नंदिनी की सांप के डसने से मौत ...और पढ़ें

मऊ में सांप के डसने से बीए छात्रा की दुखद मौत।
HighLights
मऊ में 21 वर्षीय बीए छात्रा की सांप के डसने से मौत।
अभिषेक नंदिनी को अनाज भिगोते समय सांप ने डसा था।
प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया, लेकिन जान नहीं बची।
जागरण संवाददाता, थानीदास (मऊ)। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के उसरी खुर्द गांव की दलित बस्ती में मंगलवार रात सांप के डंसने से 21 वर्षीय बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अभिषेक नंदिनी की मौत हो गई। अभिषेक नंदिनी मंगलवार रात करीब 7.45 बजे घर में अनाज की डेहरी के पास रखी बाल्टी में चना भिगोने के लिए गई थी।
बाल्टी के ऊपर चना रखा हुआ था। इसी दौरान डेहरी के नीचे से निकले सांप ने उसके दाहिने हाथ की उंगली के पास डंस लिया। इस दौरान मौके से सांप भाग गया। सांप के डंसने के बाद परिजन तत्काल छात्रा को दोहरीघाट अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे फातिमा अस्पताल मऊ के लिए रेफर कर दिया।
परिजन रात करीब 10 बजे उसे फातिमा अस्पताल लेकर पहुंचे। करीब आधे घंटे के उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात करीब 10.30 बजे परिजन शव लेकर घर लौट आए। अभिषेक नंदिनी के पिता राजू कुमार सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई गई है। राजू कुमार के एक बेटा और तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी दुर्गेश नंदिनी, दूसरी बेटी अभिषेक नंदिनी और तीसरी बेटी राजनंदनी है। बेटे की भी पढ़ाई चल रही है। छात्रा की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
